पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

हजरत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती के उर्स में कलंदरों का आना आज से होगा शुरू

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अजमेर। सूफी संत हजरत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती के उर्स में आने वाले कलंदरों का सिलसिला शुक्रवार से शुरू हो जाएगा। कलंदरों का जुलूस शनिवार शाम को गंज स्थित उस्मानी चिल्ले से दरगाह तक जाएगा। इधर गरीब नवाज की मजार पर साल भर पेश किए जाने वाला संदल शुक्रवार रात को खादिमों द्वारा उतारा जाएगा।
दिल्ली स्थित महरौली शरीफ से गरीब नवाज की दरगाह तक पैदल आने वाले मस्त व कलंदर शुक्रवार शाम तक गेगल पहुंच जाएंगे। गेगल में इन मस्त-कलंदरों का इस्तकबाल किया जाएगा। पैदल आने वाले कलंदर अपने साथ छड़ियां साथ लेकर आते हैं। दिल्ली से अजमेर तक जगह-जगह गरीब नवाज के उर्स की इत्तिला ए आमद देते हुए आते हैं। गेगल के बाद ये लोग गंज स्थित उस्मानी चिल्ले पहुंचेंगे।
यहां गुदड़ी शाही खानकाह द्वारा इनके ठहरने, भोजन व व चिकित्सा की व्यवस्था की जाएगी। गुदड़ी शाही खानकाह के इनाम हसन गुदड़ीशाह के मुताबिक पिछले कई वर्षो से कलंदर व मस्तों के लिए यहां खानकाह की ओर से इंतजाम किए जाते हैं। शनिवार को शाम 4 बजे कलंदर व मस्तों का जुलूस गाजेबाजे व सूफियाना कलाम के बीच निकलेगा। कलंदर व मस्त हैरत अंगेज करतब पेश करते हुए चलेंगे।
जगह-जगह जुलूस का स्वागत किया जाएगा। यह जुलूस गंज, देहली गेट, धानमंडी, दरगाह बाजार होते हुए रोशनी के वक्त से पूर्व दरगाह पहुंचेगा। दरगाह के निजामगेट पर खादिमों द्वारा जुलूस का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद कलंदर व मस्त अपने साथ लाई छड़ियां दरगाह में जगह-जगह लगा देंगे।
संदल आज उतरेगा
इधर शुक्रवार को ही मगरिब की नमाज के बाद आस्ताना शरीफ में खादिमों द्वारा गरीब नवाज की मजार से संदल उतारा जाएगा। खादिम सैयद कुतुबुद्दीन सखी के मुताबिक गरीब नवाज की मजार पर साल भर पेश किए जाने वाला संदल हर साल जमादिउस्सानी महीने की 28 तारीख को खादिमों द्वारा उतारा जाता है। संदल खादिमों द्वारा थैलियों में भर लिया जाता है। फिर साल भर आने वाले जायरीन को बतौर तबरुक दिया जाता है। इधर पहले दिन जो जायरीन मौके पर रहते हैं उन्हें भी तकसीम किया जाएगा।
एक क्विंटल से अधिक संदल सालाना
सूफी संत हजरत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती की मजार पर सालाना एक क्विंटल से अधिक संदल पेश किया जाता है। यह संदल दरगाह कमेटी के साथ ही खुद्दाम ए ख्वाजा भी प्रतिदिन पेश करते हैं। दरगाह कमेटी के दारोगा मोबीन अहमद खान के मुताबिक प्रतिदिन 300 ग्राम संदल मजार शरीफ पर पेश किया जाता है। इस हिसाब से हर महीने औसतन 9 किलो ग्राम संदल मजार शरीफ पर पेश होता है और सालाना यह आंकड़ा एक क्विंटल से अधिक बैठता है। कमेटी संदल के लिए सालाना टेंडर करती है और उदयपुर से यह संदल मंगाया जाता है। इधर बहुत से खुद्दाम हजरात भी अपनी ओर से मजार शरीफ पर संदल पेश करते हैं। प्रतिदिन मजार शरीफ को गुस्ल देने के बाद संदल का लेप मजार शरीफ पर किया जाता है।
ईआरटी दल ने किया फ्लैग मार्च
उर्स के दौरान कानून व शांति व्यवस्था के मद्देनजर गुरुवार को जिला पुलिस ने विशेष प्रशिक्षित ईआरटी के दल के साथ दरगाह और आसपास के इलाकों में फ्लैग मार्च कर चाक-चौबंद होने का संदेश लोगों को दिया। एसपी गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में दो टीमों ने पैदल गश्त की। करीब एक हजार से ज्यादा पुलिस कर्मियों ने गश्त में भाग लिया।
सीओ नार्थ राजीव पचार और सीओ दरगाह अनिल सिंह के नेतृत्व में दो दलों ने फ्लैग मार्च किया। दल में पुलिस लाइन का जाब्ता, आरएसी की कंपनी, हाड़ीरानी बटालियन की कंपनी और आंतकवादी गतिविधियों से निपटने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित ईआरटी के जवान और एटीएस के अधिकारी शामिल थे। फव्वारा चौराहा, देहली गेट, लौंगिया, लाखन कोटड़ी, दरगाह बाजार, लंगर खाना गली, पन्नीगरान चौक, डिग्गी चौक, ऊसरी गेट, पड़ाव, क्लाक टावर, गांधीभवन, मदारगेट, चूड़ी बाजार, अंदरकोट, झालरा, दरगाह संपर्क सड़क सहित अन्य इलाकों में पुलिस जवानों ने सशस्त्र फ्लैग मार्च किया।
करेंगे कलंदरों का स्वागत
सर्वधर्म एकता समिति की ओर से कलंदर व मलंगों का शुक्रवार को जयपुर रोड पर स्वागत किया जाएगा। इस मौके पर लंगर और महफिल ए समां का आयोजन होगा। समिति के अध्यक्ष सैयद खुश्तर चिश्ती के मुताबिक समिति के पदाधिकारियों व कार्यकर्ता मलंग व कलंदरों का स्वागत करेंगे। समिति की ओर से प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था रहेगी। कव्वाल सूफियाना कलाम पेश करेंगे।
‘आवागमन हो निशुल्क’
जिला बार अध्यक्ष राजेश टंडन ने गुरुवार को सीएम को पत्र भेजकर 801 में उर्स के दौरान कायड़ विश्राम स्थली और ट्रांसपोर्ट नगर से जायरीन के लिए दरगाह तक आने के लिए आवागमन निशुल्क करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि उर्स प्रारंभ हो चुका है लेकिन व्यवस्थाएं अभी तक पूर्ण नहीं हुई हैं। इससे जायरीन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीएम अशोक गहलोत को भेजे पत्र में राजेश टंडन ने बताया कि जहां जायरीन के ठहरने के लिए व्यवस्था की गई है वहां से दरगाह काफी दूर है।
कायड़ और ट्रांसपोर्ट नगर दोनों विश्राम स्थलियों से दरगाह तक जायरीन को लाने व ले जाने के लिए सरकार की ओर से निशुल्क आवागमन की व्यवस्था की जानी चाहिए। विश्राम स्थलियों पर पेयजल और छाया के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने के साथ भोजन सामाग्री की जांच के लिए भी माकूल व्यवस्था होनी चाहिए। शुद्ध भोजन मिलेगा तो जायरीन का मौसमी बीमारियों से बचाव होगा। इसके अलावा दोनों विश्राम स्थलियों पर चिकित्सा व्यवस्था कर जायरीन को निशुल्क दवाएं वितरित की जाएं। टंडन ने पत्र में तर्क दिया है कि पुष्कर रोड स्थित विश्राम स्थली में पानी भरा होने के कारण जायरीन को शहर से दूर ठहराया जा रहा है। इस प्रशासनिक निर्णय का बोझ बस किराए के तौर पर जायरीन से वसूलना अनुचित होगा। बस किराया माफ करने से राज्य सरकार को कोई विशेष आंशिक क्षति नहीं होगी बल्कि मेहमान जायरीन का स्वागत कर अमूल्य अनुभूति होगी।
200 से अधिक लाउडस्पीकर लगेंगे
उर्स में आने वाले जायरीन को मेला क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की सूचनाएं पहुंचाने के लिए दरगाह कमेटी द्वारा 200 से अधिक लाउडस्पीकर लगाए जाएंगे। गुरुवार से लाउडस्पीकर लगाने का कार्य शुरू हो गया है। इलाहाबाद से हर साल लाउडस्पीकर लगाने वाली टीम यहां आ चुकी है। इस टीम ने दरगाह और आसपास के क्षेत्रों में लाउडस्पीकर लगाना शुरू कर दिया है।
कमेटी सूत्रों के मुताबिक नला बाजार में होते हुए मदार गेट के आगे तक, दरगाह बाजार, देहली गेट और गंज होते हुए फव्वारा सर्किल तक ये लाउडस्पीकर लगाए जाएंगे। इधर अंदरकोट की ओर भी कुछ लाउडस्पीकर लगाए जाएंगे। बुलंद दरवाजे पर स्थापित होने वाले अनाउसमेंट सेंटर से ये लाउडस्पीकर कनेक्टर रहेंगे। विभिन्न प्रकार की सूचनाओं के साथ ही इन लाउडस्पीकर का इस्तेमाल उर्स के दौरान अदा की जाने वाली जुमे की नमाज के लिए भी किया जाएगा।
सुन्नी दावते इस्लामी के कार्यकर्ता कल आएंगे
उर्स में खिदमत देने के लिए आने वाले सुन्नी दावते इस्लामी के कार्यकर्ताओं का पहला दल शनिवार को यहां पहुंच जाएगा। महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश के साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 450 कार्यकर्ता कायड़ विश्राम स्थली, ट्रांसपोर्ट नगर विश्राम स्थली और दरगाह में अपनी खिदमात देंगे। इधर इलाहाबाद से आने वाला स्काउट व गाइड का दल भी आज कल में यहां पहुंच जाएगा।
उर्स की धार्मिक रस्में चांद दिखाई देने पर 11 से
गरीब नवाज के 801वें उर्स की मज.हबी रस्में रजब का चांद दिखने पर 11 मई से शुरू हो जाएंगी। ये रस्में दरगाह दीवान सैयद जैनुअल आबेदीन की सदारत में होंगी। दरगाह दीवान के सचिव सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती ने गुरुवार को उर्स का कार्यक्रम जारी किया। उन्होंने बताया कि चांद दिखाई देने पर दरगाह स्थित महफिल खाने में उर्स की पहली महफिल होगी। दरगाह दीवान की सदारत में होने वाली इस महफिल में विभिन्न खानकाहों के सज्जादानशीन व सूफी मशायख सहित जायरीने ख्वाजा शरीक होंगे। कव्वाल फारसी व हिंदी में सूफीमत के प्रवर्तकों द्वारा लिखे गए कलाम पेश करेंगे। महफिल के दौरान मध्य रात्रि दीवान जैनुअल आबेदीन आस्ताना शरीफ जाएंगे और गरीब नवाज की मजार को गुस्ल देंगे। मजार शरीफ को केवड़ा व गुलाब जल से गुस्ल दे.कर चंदन पेश किया जाएगा। गुस्ल की यह धार्मिक रस्म 5 रजब तक निरंतर जारी रहेगी।
खानकाह में महफिल
उन्होंने बताया कि 5 रजब को दीवान आबेदीन की सदारत में ही खानकाह शरीफ में दोपहर 3 बजे कदीमी महिफले समां होगी। यह महफिल शाम 6 बजे तक चलेगी।
इसमें देश की विभिन्न प्रमुख दरगाहों के सज्जादानशीन भाग लेंगे महफिल के बाद यहां विशेष दुआ होगी और सज्जादानशीन गरीब नवाज के 801वें उर्स की पूर्व संध्या पर अवाम व जायरीने ख्वाजा के नाम दुआनामा जारी करेंगे।
कुल की रस्म
उर्स के कुल की रस्म 6 रजब को होगी। सुबह 11 बजे कुल की महफिल का आगाज होगा। कव्वालों द्वारा रंग और बधावा पढ़ा जाएगा तथा दोपहर 1 बजे मौरूसी फातेहा ख्वां द्वारा फातेहा पढ़ी जाएगी। यहां दरगाह दीवान को खिलअत पहनाया जाकर दस्तारबंदी की जाएगी। दीवान आबेदीन अपने परिवार के साथ आस्ताने शरीफ में कुल की रस्म अदा करने जन्नती दरवाजे से जाएंगे। उनके दाखिल होने के बाद जन्नती दरवाजा बंद कर दिया जाएगा। आस्ताने में कुल की रस्म होगी। बाद में दीवान आबेदीन आस्ताने से खानकाह जाएंगे। शाहगिर्द पेशां, मौरूसी अमले सहित देश भर की दरगाहों से आए सज्जादगान एवं धर्म प्रमुखों की दस्तारबंदी करेंगे। इस अवसर पर कलंदर व मलंग दागोल की रस्म अदा करेंगे।
18 ट्रेन में बढ़ाए अतिरिक्त कोच
रेल प्रशासन ने उर्स के दौरान जायरीन की सुविधा के लिए 18 विभिन्न गाड़ियों में अतिरिक्त कोच की बढ़ोतरी की है।उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी तरुण जैन ने बताया कि यात्रा के दौरान जायरीन को किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसके लिए यह कदम उठाए गए हैं।
गाड़ी संख्या 19607/19608 कोलकाता-अजमेर साप्ताहिक एक्सप्रेस में 13 मई से 20 मई तक एक द्वितीय साधारण णी कोच की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है।
: गाड़ी संख्या 19601/19602 अजमेर-न्यू जलपाईगुड़ी-अजमेर साप्ताहिक एक्सप्रेस में 10 मई से 17 मई तक एक द्वितीय साधारण श्रेणी कोच की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है।
: गाड़ी संख्या 19601/19602 अजमेर-हरिद्वार-अजमेर त्रि-साप्ताहिक एक्सप्रेस में 9 मई से 18 मई तक एक द्वितीय साधारण श्रेणी कोच की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है।
: गाड़ी संख्या 19611/19612-19613/19614 अजमेर- अमृतसर-अजमेर एक्सप्रेस में 9 मई से 22 मई तक एक द्वितीय साधारण श्रेणी कोच की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है।
: गाड़ी संख्या 59603/59604 अजमेर-उदयपुर-अजमेर सवारी गाड़ी में 9 मई से 22 मई तक दो द्वितीय साधारण श्रेणी कोच की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है। गाड़ी संख्या 59605/59606 चित्तौड़गढ़-उदयपुर-चित्तौड़गढ़ सवारी गाड़ी में 9 से 22 मई तक दो द्वितीय साधारण श्रेणी कोच की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है। गाड़ी संख्या 59601/59602 ब्यावर-अजमेर-ब्यावर सवारी गाड़ी में 9 से 22 मई तक एक द्वितीय साधारण श्रेणी कोच की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है। गाड़ी संख्या 09651/09652 मारवाड़ जंक्शन -ब्यावर होली डे स्पेशल सवारी गाड़ी में 9 से 22 मई तक एक द्वितीय साधारण श्रेणी कोच की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है।
: गाड़ी संख्या 59607/59608 अजमेर-पुष्कर सवारी गाड़ी में 9 से 22 मई तक एक द्वितीय साधारण श्रेणी कोच की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 12991/12992 उदयपुर-अजमेर एक्सप्रेस में 9 से 22 मई तक दो द्वितीय साधारण श्रेणी कोच की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है।
: गाड़ी संख्या 12981/12982 दिल्ली सराय रोहिल्ला-उदयपुर चेतक एक्सप्रेस में 9 से 22 मई तक एक द्वितीय साधारण श्रेणी कोच की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है।
: गाड़ी संख्या 22471/ 22472 बीकानेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला इंटरसिटी एक्सप्रेस में 9 से 22 मई तक एक द्वितीय साधारण श्रेणी कोच की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 54801/54802 जोधपुर-अजमेर सवारी गाड़ी में 9 से 22 मई तक दो द्वितीय साधारण श्रेणी कोच की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है। गाड़ी संख्या 19654/19655 अजमेर-रतलाम एक्सप्रेस में 9 से 22 मई तक दो द्वितीय साधारण श्रेणी कोच की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 54807/54808 अजमेर-जयपुर सवारी गाड़ी में 9 से 22 मई तक दो द्वितीय साधारण श्रेणी कोच की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है। गाड़ी संख्या 54805/54806 अजमेर-अहमदाबाद सवारी गाड़ी में 9 से 22 मई तक दो द्वितीय साधारण श्रेणी कोच की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है।
: गाड़ी संख्या 54804/54803 जोधपुर-अहमदाबाद सवारी गाड़ी में 9 से 22 मई तक दो द्वितीय साधारण श्रेणी कोच की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है।
: गाड़ी संख्या 09721/09722 जयपुर-उदयपुर स्पेशल एक्सप्रेस में 9 से 22 मई तक एक द्वितीय साधारण श्रेणी कोच की अस्थाई बढ़ोतरी की गई है।
सोनिया की चादर 13 को पीएम की 14 को पेश होगी
यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी की ओर से गरीब नवाज के 801 वें उर्स के मौके पर 13 मई को चादर पेश की जाएगी। प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की ओर से 14 मई को चादर पेश होगी। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र सिंह रलावता के मुताबिक सोनिया गांधी की चादर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रभान व अन्य नेता लेकर आएंगे। 14 को प्रधानमंत्री की ओर से आने वाली चादर में भी विभिन्न केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे।