एडिलेड. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में हुए पहले टेस्ट में हार कर भी
टीम इंडिया के कप्तान
विराट कोहली ने दिल जीत लिया है। दोनों पारियों में उनकी सेंचुरी, आक्रामक खेल, चुनौती लेकर टीम को बल्लेबाजी कराने के फैसले के चलते उनकी खूब तारीफ हो रही है। खास बात यह है कि विराट ने 39 साल बाद ऑस्ट्रेलिया की धरती पर वहीं के कप्तान रहे ग्रेग चैपल का बतौर कप्तान पहले मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। चैपल ने 28 नवंबर 1975 को ब्रिसबेन टेस्ट में
वेस्ट इंडीज के खिलाफ क्रमशः 123 व 109* रन की पारियां खेली थीं। लेकिन, विराट ने उनसे ज्यादा (115 और 141) रन बना कर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया। एडिलेड टेस्ट में कोहली ने कई और रिकॉर्ड भी बनाए।
बतौर कप्तान डेब्यू मैच में सर्वाधिक रन
एडिलेड टेस्ट की दूसरी पारी में भी सेंचुरी लगा कर उन्होंने इस टेस्ट मैच में 256 रन बनाए। बतौर कप्तान डेब्यू मैच में इतना रन कभी किसी ने नहीं बनाया। उन्होंने 46 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा। बतौर कप्तान डेब्यू मैच में न्यूजीलैंड के ग्राहम डाउलिंग ने 22 फरवरी 1968 में इंडिया के खिलाफ क्राइस्टचर्च टेस्ट मैच में 244 रन (239+5) बनाए थे।
डेब्यू मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले इंडिया के इकलौते कप्तान
सौरव गांगुली और
महेंद्र सिंह धोनी टीम इंडिया के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट कप्तान रहे हैं, लेकिन विराट ने धमाकेदार डेब्यू से इन सभी को पीछे कर दिया है। गांगुली ने बतौर कप्तान डेब्यू पर 84 रन की पारी खेली थी, वहीं धोनी पचासा तक नहीं लगा सके थे।
ऑस्ट्रेलिया में ट्विन सेंचुरी का रिकॉर्ड
विराट कोहली से पहले वेस्ट इंडीज के रोहन कन्हाई ने ऑस्ट्रेलिया में ट्विन सेंचुरी लगाई थी। उन्होंने 27 जनवरी 1961 में खेले गए मैच में 117 व 115 रन की पारियां खेली थीं। संयोग से वह मैच भी एडिलेड में खेला गया था।
डेब्यू मैच में बतौर कप्तान सबसे अधिक रन
बतौर कप्तान पहले मैच में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी भी अब विराट कोहली ही हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड विजय हजारे के नाम था, जिन्होंने 1951 में 164 रन (दोनों पारियों में) बनाए थे।
सबसे युवा कप्तान
विराट ने ट्विन सेंचुरी लगाने का कारनामा 26 साल 38 दिन की आयु में किया। टेस्ट मैच की दोनों पारियों में सेंचुरी लगाने वाले वे दुनिया के सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं।
बतौर कप्तान ऑस्ट्रेलिया में एक टेस्ट में दो शतक लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज
आगे क्लिक कर देखिए, एडिलेड टेस्ट में कप्तान विराट कोहली की तस्वीरें