चेन्नई. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) दो मार्च को होगी। इसी दिन विभिन्न पदों के लिए चुनाव भी होंगे। बोर्ड कार्यकारिणी की रविवार को यहां हुई मीटिंग में यह निर्णय लिया गया। इस मीटिंग में एन. श्रीनिवासन भी मौजूद थे। वे तमिलनाडु क्रिकेट संघ के अध्यक्ष के तौर पर मीटिंग में आए थे।
सुप्रीम कोर्ट ने
इंडियन प्रीमियर लीग (
आईपीएल) के छठे संस्करण में हुए स्पॉट फिक्सिंग एवं सट्टेबाजी मामले की सुनवाई करते हुए 22 जनवरी को फैसला सुनाया था कि छह सप्ताह के भीतर बोर्ड की एजीएम और चुनाव कराए जाए। इसी के मद्देनजर कार्यसमिति मीटिंग बुलाकर एजीएम की तारीख तय की गई।
शिवलाल अध्यक्ष संभव
कार्य समिति मीटिंग से पहले डिनर में एन. श्रीनिवासन ने अपने समर्थक राज्य संघों की अनौपचारिक मीटिंग की थी। माना जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के कारण श्रीनिवासन अब बोर्ड अध्यक्ष का चुनाव नहीं लड़ेंगे। ऐसे में अंतरिम अध्यक्ष शिवलाल यादव बोर्ड के नए अध्यक्ष हो सकते हैं। इस डिनर में 20 से ज्यादा राज्य संघों के पदाधिकारी थे।
पेंशन में 50 फीसदी बढ़ोतरी
कार्य समिति ने पूर्व क्रिकेट खिलाड़ियों को दी जाने वाली पेंशन में 50 फीसदी इजाफा भी किया है। इस साल जनवरी से अब खिलाड़ियों को पेंशन के तौर पर 50 हजार रुपए तक मिला करेंगे।
वर्मा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी
बोर्ड की कार्य समिति के सदस्यों ने सर्वसम्मति से सुझाव दिया कि श्रीनिवासन अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ निराधार अफवाहें फैला रहे क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव आदित्य वर्मा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। सदस्यों ने कहा कि वर्मा लगातार श्रीनिवासन, शिवलाल यादव राजीव शुक्ला के खिलाफ निराधार आरोप लगा रहे हैं।