बेंगलुरु. एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में
चैम्पियंस लीग टी-20 टूर्नामेंट के आठवें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने दक्षिण अफ्रीकी टीम डॉल्फिंस को 54 रनों से हरा दिया। डॉल्फिंस ने सुपर किंग्स से मिले 243 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा तो बेहद आक्रामक अंदाज में किया, लेकिन निर्धारित 20 ओवरों में वे 188 रन बनाकर धराशाई हो गए।
> सुरेश रैना ने 90, ब्रेंडन मैक्कुलम ने 49, प्लेसिस ने 30 और
रवींद्र जडेजा ने 40 रनों की पारी खेली। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी डॉल्फिंस ने धमाकेदार शुरुआत की, लेकिन आशीष नेहरा (2 विकेट) और मोहित शर्मा (4 विकेट) ने सूझबूझ भरी गेंदबाजी की और 188 रन ही बनाने दिया।
कैमरन ने खेली 34 रनों की पारी
कैमरन डेलपोर्ट (34) ने मात्र नौ गेंदों में पांच चौके और दो छक्के लगाकर बेहद आक्रामक अंदाज में लक्ष्य का पीछा करना शुरू किया, लेकिन मोहित शर्मा द्वारा तीसरे ओवर के आखिरी गेंद पर वह क्लीन बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए। मोहित शर्मा के इस ओवर में डेलपोर्ट ने एक छक्का और तीन चौकों की मदद से 20 रन जुटाए और तेज शॉट खेलने के चक्कर में उनका बैट भी हत्थे पर से टूट गया। नए बैट से हालांकि वह एक ही चौका लगा सके और दूसरी ही गेंद पर बोल्ड हो गए।
मोहित ने चटकाए चार विकेट
डॉल्फिंस को आखिरी पांच ओवरों में 96 रनों की दरकार थी और उनके पास सिर्फ तीन विकेट शेष बचे थे। इस बीच ड्वेन ब्रावो ने जरूर सुपर किंग्स के लिए बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए दो विकेट भी चटकाए। हालांकि, मोहित शर्मा को सर्वाधिक चार विकेट मिले। शर्मा ने अंतिम गेंद पर डॉल्फिंस का आखिरी विकेट चटकाया।
शानदार फॉर्म में चल रहे सुरेश रैना ने 90 रन की तूफानी पारी खेलते हुए टी-20 क्रिकेट में 5000 रन पूरे करने की उपलब्धि हासिल कर ली और उनके दम पर चेन्नई सुपरकिंग्स ने डॉल्फिंस के खिलाफ चैम्पियंस लीग के ग्रुप-ए मैच में छह विकेट पर 242 रन का विशाल स्कोर बना लिया।
लगाए 8 छक्के
बाएं हाथ के बल्लेबाज रैना ने मात्र 43 गेंदों में चार चौके और आठ जबरदस्त छक्के लगाते हुए 90 रन ठोके। अपनी इस पारी में उन्होंने टी-20 में पांच हजार रन पूरे कर यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए। इसके साथ ही रैना इस टूर्नामेंट में भी सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए।
मैक्कुलम के साथ 91 रनों की साझेदारी
रैना ने ब्रैंडन मैक्कुलम (49) के साथ दूसरे विकेट के लिए 91 रन और फॉफ डू प्लेसिस (30) के साथ तीसरे विकेट के लिए 65 रन जोड़े। मैक्कुलम ने 29 गेंदों पर पांच चौके और तीन छक्के लगाए, जबकि डू प्लेसिस ने 19 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का लगाया। इन बल्लेबाजों के विस्फोटक तेवर के बीच कप्तान
महेंद्र सिंह धोनी खाता खोले बिना बोल्ड हो गए। टी-20 में यह तीसरा मौका था, जब धोनी पहली गेंद पर ही शून्य पर निपट गए।
जडेजा की तेजतर्रार 40 रनों की पारी
ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने मात्र 14 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 40 रन ठोककर चेन्नई को 242 तक पहुंचा दिया। चेन्नई की पारी में कुल 17 चौके और 16 छक्के पड़े। डॉल्फिंस के केशव महराज ने चार ओवर में 54 रन और रोबी फ्रिलिंक ने चार ओवर में 52 रन लुटाए। केशव को एक और फ्रिलिंक को दो विकेट मिले। काइल एबोट, क्रैग एलेक्जेंडर और खापा जोंडो को एक-एक विकेट मिला।
आगे क्लिक कर देखें मैच की तस्वीरें...