चेन्नई. इंडियन प्रीमियर लीग (
आईपीएल) की टीम चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक अब करीब एक लाख शेयरहोल्डर होंगे। इंडिया सीमेंट्स लिमिटेड (आईसीएल) के बोर्ड ने सीएसके के अधिकार इंडिया सीमेंट्स की सब्सिडियरी कंपनी चेन्नई सुपर किंग्स क्रिकेट लिमिटेड को ट्रांसफर किए जाने को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के अमल में आते ही सीएसके
आईपीएल की पहली टीम होगी, जिसके मालिक 97,054 शेयरहोल्डरों होंगे। 2 मार्च को बीसीसीआई की सालाना आम सभा से पहले इंडिया सीमेंट्स के इस फैसले को कंपनी के प्रमोटर एन. श्रीनिवासन की बोर्ड पर 'वर्चस्व' कायम रखने की अहम कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
नई योजना के तहत इंडिया सीमेंट्स के 97,054 शेयरहोल्डरों को चेन्नई सुपर किंग्स क्रिकेट लिमिटेड के शेयर मुफ्त में उसी अनुपात में दिए जाएंगे, जिस अनुपात में उनके पास इंडिया सीमेंट्स के शेयर हैं। प्रमोटरों के पास कंपनी के 28.23 फीसदी शेयर हैं।
इंडिया सीमेंट्स के प्रमोटर एन. श्रीनिवासन ने कुछ चुनिंदा पत्रकारों के लिए बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'इस कदम से चेन्नई सुपर किंग्स क्रिकेट लिमिटेड का मालिकाना हक शेयर होल्डरों को मिल जाएगा।'
गौरतलब है कि आईपीएल में मैच फिक्सिंग को लेकर सीएसके विवादों में रही है। पिछले महीने सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा था कि बीसीसीआई को कोई भी पदाधिकारी क्रिकेट में व्यावसायिक फायदे वाला कोई भी काम नहीं करेगा। कोर्ट ने एन. श्रीनिवासन को बीसीसीआई अध्यक्ष और आईपीएल की टीम के मालिक के रूप में दोहरी भूमिका को नामंजूर कर दिया था।