पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Dhoni Said Openers To Take More Responsibility

नंबर 1 कुर्सी गंवाने के बाद बोले धोनी, ओपनर निभाएं अपनी रोल

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मेलबर्न। सीरीज में लगातार दूसरी हार के बाद टीम इंडिया की वनडे से बादशाहत खत्म हो गई है। भारत ने डकवर्थ लुईस पद्धति के अनुसार 42 ओवर में 297 रन के संशोधित लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड को कड़ी टक्कर दी लेकिन जीत दर्ज नहीं कर सका। डकवर्थ लुईस के मुताबिक 41.3 ओवरों में भारत को जीत के लिए 293 रनों की दरकार थी। लेकिन भारतीय टीम केवल 277 रन ही बना सकी।
मैच के बाद धोनी ने कहा, जब हमारे सलामी बल्लेबाजों की बात आती है तो वे पहले 10 ओवर खेल लेते हैं लेकिन मुझे लगता है कि यह अहम है कि वे थोड़ा और समय क्रीज पर बिताएं। ताकि बाद में आने वाले बल्लेबाज तेजी से रन बना सकें। भारत को एक बार फिर बड़ी साझेदारी की कमी खली जिसके कारण पिछले कुछ समय से उसे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धोनी ने कहा, पिछले मैच में मैं आउट हो गया और इस मैच में विराट आउट हो गया। यह अहम है कि साझेदारी को आगे बढ़ाया जाए क्योंकि नये खिलाड़ी के लिए खुलकर शाट खेलना मुश्किल होता है।
न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की तारीफ
धोनी ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा कि जब भी लग रहा था कि भारत लक्ष्य हासिल करने की स्थिति में है तब मेजबान टीम के गेंदबाजों ने उन्हें झटके दिए। उन्होंने कहा, न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जब धीमी गेंद फेंकते हैं तो उन पर बड़े शाट खेलना मुश्किल होता है। बेहतरीन फार्म में चल रहे विराट जैसे खिलाड़ी को भी लगातार शाट खेलने में दिक्कत हो रही थी।
भारतीय गेंदबाजों का किया समर्थन
भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दूसरे मैच में खूब रन लुटाए लेकिन धोनी ने अपने तेज गेंदबाजों का समर्थन किया। उन्होंने तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की विशेष तौर पर तारीफ की।
उन्होंने कहा, तेज गेंदबाजों ने हमारे लिए अच्छा प्रदर्शन किया। डेथ ओवरों में भुवनेश्वर कुमार ने अच्छी गेंदबाजी की जबकि शमी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। कुल मिलाकर गेंदबाजों का अच्छा प्रयास था। हमने कुछ अतिरिक्त रन दिए लेकिन उनके बड़े हिटर को देखते हुए इसकी उम्मीद की जा सकती है क्योंकि वे 10 से 20 अतिरिक्त रन बना सकते हैं।
डकवर्थ लुइस से मुताबिक मिले संशोधित लक्ष्य के बारे में पूछने पर धोनी ने कहा, मुझे हमेशा से लगता है कि सीमित ओवरों के मैच में अगर ओवर कम कर दिए जाएं तो बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम के लिए बेहतर होता है क्योंकि उसे लक्ष्य पता होता है और क्या करना है यह भी। लेकिन अगर लगभग 10 ओवर कम हो जाएं तो हमें पता है कि बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को नुकसान होता है।
मैकुलम ने जीत पर जताई खुशी
न्यूजीलैंड के कप्तान ब्रैंडन मैकुलम अपनी टीम के प्रदर्शन से खुश हैं और उन्होंने कहा कि उनके खिलाड़ियों ने पिछले दो मैचों में अपने खेल के स्तर में सुधार किया है। यह अच्छा प्रदर्शन था। हमें भारत की मजबूत बल्लेबाजी के खिलाफ बड़े स्कोर की जरूरत थी। सबको पता है कि भारत के बल्लेबाज कितने खतरनाक हैं। टीम ने पिछले दो मैचों में सचमुच शानदार प्रदर्शन किया।
एंडरसन ने जीत में निभाई अहम भूमिका
न्यूजीलैंड के कप्तान ने कहा कि आलराउंडर कोरी एंडरसन ने लगातार दो अच्छे प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी काबीलियत साबित की है।