हैदराबाद। भारतीय क्रिकेट टीम के कैप्टन
महेंद्र सिंह धोनी और उनकी
टीम चेन्नई सुपरकिंग्स हैदराबाद का एक फाइव स्टार होटल इसलिए छोड़कर चली गई, क्योंकि उन्हें घर की बनी बिरयानी नहीं खाने दी गई। एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, धोनी और टीम के लिए भारतीय
खिलाड़ी अंबाती रायुडु के घर से बिरयानी आई थी, लेकिन होटल प्रबंधन ने बाहर का खाना यहां लाने से मना कर दिया। इस वाकये से धोनी इतना नाराज हुए कि तुंरत ही वह और उनकी टीम होटल छोड़कर चली गई। खास बात यह है कि धोनी के बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड और
चैम्पियंस लीग टी-20 के अधिकारी भी होटल छोड़कर चले गए।
क्या है मामला?
फिलहाल, चैम्पियंस लीग टी-20 का टूर्नामेंट चल रहा है। इसमें धोनी की
टीम चेन्नई सुपरकिंग्स भी शिरकत कर रही है। बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स से एक मैच से पहले मंगलवार को धोनी और उनकी टीम हैदराबाद के बेगमपेट इलाके स्थित फाइव स्टार होटल ग्रांड काकातिया में ठहरी थी। भारतीय क्रिकेट टीम के
खिलाड़ी अंबाती रायुडु हैदराबाद के ही निवासी हैं। धोनी और उनकी टीम अंबाती के घर में बनी बिरयानी खाना चाहती थी। अंबाती के घर से बिरयानी आया भी, लेकिन होटल ने बाहर का खाना अपने यहां लाने से मना कर दिया। धोनी इससे काफी नाराज हुए और होटल बदलने का आदेश दे दिया। तुरंत ही उनकी टीम शहर के बंजारा हिल्स इलाका स्थित ताज कृष्णा होटल में शिफ्ट हो गई।
अधिकारियों ने भी छोड़ा होटल
खास बात यह है कि सिर्फ धोनी और उनकी टीम ने ही होटल नहीं छोड़ा, बल्कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड और चैम्पियंस लीग टी-20 के अधिकारी भी होटल छोड़कर चले गए। उधर, बीसीसीआई के पूर्व चेयरमैन एन श्रीनिवासन सुपरकिंग्स और नाइट राइडर्स के बीच होने वाला मैच देखने बुधवार को
हैदराबाद पहुंचने वाले थे। उनके ठहरने का इंतजाम भी इसी होटल में किया गया था, लेकिन उनकी बुकिंग रद्द कर दी गई।
वजह बताने से इनकार
एक सूत्र के अनुसार, बाहर से खाना नहीं लाने देने के होटल प्रबंधन के फैसले से धोनी नाखुश थे। बीसीसीआई के एक टॉप अधिकारी ने भी होटल बदले जाने की पुष्टि की, लेकिन उन्होंने इसकी वजह बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, "हम नहीं जानते हैं कि इसके पीछे बिरयानी वजह थी या नहीं। मुझे बताया गया था कि धोनी होटल से खुश नहीं थे।" उधर, होटल ने भी वजह बताने से इनकार कर दिया। होटल की तरफ से कहा गया, "इस बात का जवाब चेन्नई टीम प्रबंधन से मांगना चाहिए कि ऐसा क्या हुआ, जिसकी वजह से वे यहां से चले गए।"
आगे की स्लाइड्स में देखें चेन्नई और कोलकाता के बीच हुए मैच की तस्वीरें...