खेल डेस्क। एशिया में अगर किसी मैच को लेकर दर्शकों में भारी उत्साह होता है तो वह है भारत और पाकिस्तान का मैच। इस मैच के दौरान भारत- पाक के शहर की सड़कों पर सन्नाटा सा पसर जाता है। लेकिन फिलहाल इन दोनों के बीच किसी सीरीज का कार्यक्रम फिक्स नहीं है।
लेकिन अब इन दोनों देशों के बीच वनडे क्रिकेट सीरीज होने की संभावनाएं बढ़ रही हैं। पाकिस्तान के अखबार डॉन ने मुंबई के एक अखबार का हवाला देते हुए लिखा है कि दोनों देशों के बीच वनडे सीरीज होने की संभावना है लेकिन यह पाकिस्तान की बजाय किसी अन्य जगह पर हो सकती है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव संजय पटेल ने इस आशय के संकेत भी दिए। उन्होंने उस अखबार को कहा कि इस साल के अंत में भारत-पाकिस्तान के बीच एक वनडे सीरीज हो सकती है। बोर्ड ने किसी तटस्थ जगह पर क्रिकेट न खेलने की जिद छोड़ दी है। चेन्नई में बोर्ड की वर्किंग कमिटी की बैठक में इस तरह की सीरीज की संभावना तलाशी गई थी।
पटेल ने कहा कि 2015 तक भारतीय क्रिकेट टीम बहुत व्यस्त है और ऐसी हालत में एक पूरी सीरीज खेला जाना संभव नहीं है लेकिन अगर पाकिस्तान क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड अनुरोध करे तो एक छोटी सी सीरीज हो सकती है। उन्होंने कहा कि भारत पाकिस्तान के सुझाए हुए किसी भी तटस्थ जगह पर सीरीज खेलने को तैयार है। लेकिन अखबार ने यह भी लिखा है कि बीसीसीआई इस पर अपनी कुछ शर्तें रख सकता है।
आगे की स्लाइड में क्लिक कर पढ़ें भारत और पाकिस्तान के चैंपियंस ट्रॉफी में हुआ था अंतिम वनडे...