पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

LIVE: बेंगलुरु का करो या मरो मुकाबला, खेल रहे हैं जहीर

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

बेंगलुरु. एडम गिलक्रिस्ट और अजहर महमूद की धमाकेदार पारियों की बदौलत पंजाब ने बेंगलुरु को सात विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही पंजाब ने जहां प्लेऑफ के लिए अपनी उम्मीदें कायम रखीं वहीं बेंगलुरु की राह मुश्किल हो गई। जीत के लिए जरूरी 175 रनों के लक्ष्य को पंजाब ने 18.1 ओवर में हासिल कर लिया।

पंजाब के लिए गिलक्रिस्ट ने केवल 54 गेंदों पर 85 रनों की नॉट आउट पारी खेली। अजहर महमूद ने भी 61 रन बनाए। इन दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए हुई 118 रनों की साझेदारी ने पंजाब के लिए जीत की राह बना दी।

इससे पहले बेंगलुरु ने पंजाब के सामने 176 रन की चुनौती रखी। पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु ने 5 विकेट गंवा कर 174 रन बनाए। स्टार बैट्समैन क्रिस गेल ने 77 रन की पारी खेली तो कप्तान विराट कोहली ने टीम के स्कोर में 58 रन का योगदान दिया।

पंजाब के लिए परविंदर अवाना ने 3 विकेट चटकाए।

धीमी रही शुरुआत

बेंगलुरु टीम की शुरुआत धीमी रही। पहले 6 ओवरों में मेजबान टीम 1 विकेट के नुकसान पर महज 31 रन ही बना सकी। ओपनर चेतेश्वर पुजारा ने शुरू में जोर तो दिखाया, लेकिन वे 19 रन से ज्यादा रन नहीं बटोर सके। परविंदर अवाना की गेंद पर आउट होने से पहले उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके लगाए।

कोहली की कप्तानी पारी

विराट कोहली ने एक बार फिर कप्तान का फर्ज निभाते हुए अर्धशतक लगाया। उन्होंने क्रिस गेल के साथ मिल कर मोर्चा संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 136 रन जोड़े। कोहली ने 43 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौकों और 2 छक्कों से सजी 58 रन की पारी खेली। कोहली को अजहर महमूद ने पगबाधा आउट किया।

पहले स्लो फिर किया हल्ला बोल

क्रिस गेल ने अपनी बैटिंग शुरुआत में बहुत धीमी रखी। शुरुआती दो ओवरों तक उनकी पारी में कोई बाउंड्री नहीं थी। विराट कोहली का साथ मिलने के बाद गेल जैसे जोश में आ गए। 15वें ओवर में लगातार 3 छक्के लगा कर उन्होंने अपना पचासा पूरा किया। इस हाफ सेंचुरी के साथ ही ऑरेंज कैप भी गेल के नाम हो गई।

गेल ने अपनी हाफ सेंचुरी में 4 चौके और 6 छक्के जड़े। 77 रन बना कर वे परविंदर अवाना की गेंद पर आउट हुए।

अवाना का धमाल

पंजाब के लिए अवाना बेस्ट बॉलर साबित हुए। उन्होंने सबसे खतरनाक बल्लेबाज क्रिस गेल को आउट करने के लिए अपनी रफ्तार और सटीक बॉलिंग का इस्तेमाल किया। उनकी गेंद गेल के ऑफ स्टंप को दो टुकड़ों में तोड़ते हुए चली गई। मौजूदा सीजन में यह पहला मौका रहा जब किसी बॉलर ने स्टंप को दो टुकड़ों में तोड़ा हो।

अवाना ने डेथ ओवर्स में कमाल की बॉलिंग की। उन्होंने 39 रन देकर 3 बल्लेबाजों को आउट किया। गेल के आउट होने के बाद क्रीज पर आए डिविलियर्स ने पहली ही गेंद पर छक्का लगाया। अगली गेंद पर अवाना ने उन्हें भी क्लीन बोल्ड कर दिया।

टॉस - किंग्स इलेवन पंजाब ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।