पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपुणे. सहारा स्टेडियम में हुए मुकाबले में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर कोलकाता ने पुणे को अहम मुकाबले में 46 रन से शिकस्त दी। कप्तान गौतम गंभीर ने बेहतरीन 50 रन की पारी खेल कर पहले कोलकाता को 152 रन के स्कोर तक पहुंचाया। फिर लक्ष्मीपति बालाजी की अगुवाई में केकेआर की बॉलिंग यूनिट ने मेजबान पुणे की टीम को 106 रन के स्कोर पर समेट दिया।
कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 152 रन का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में पुणे की पूरी पारी तीन गेंदें शेष रहते महज 106 रन पर सिमट गई।
मैच के तीसरे ओवर में ड्रामा देखने को मिला। गेंदबाज जैक कैलिस ने उत्थप्पा के शॉट पर अपना पैर लगाया। गेंद कैलिस के पैर से टकराने के बाद सीधे स्टंप्स में जा कर लगी। उस समय तक नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े फिंच क्रीज से बाहर थे। कैलिस ने अपील की, लेकिन थर्ड अंपायर साइमन टॉफेल ने फिंच को नॉटआउट करार दिया।
इस बात से झल्लाए कैलिस ने फील्ड अंपायर से पलट कर पूछा, क्या मैं चीटर हूं जो आपको मेरी बात पर विश्वास नहीं। मेरा पैर गेंद से लगा था। मैं झूठ नहीं बोल रहा। अंपायर उनकी इस बात से नहीं पिघले और फिंच उस गेंद पर नॉटआउट रहे।
किस्मत से महज दो गेंदों बाद कैलिस ने फिंच को क्लीन बोल्ड कर अपना गुस्सा शांत किया।
गंभीर की कप्तानी पारी
कप्तान गौतम गंभीर के जुझारू पचासे और रेयान टेनडुशेट की आतिशी पारी के दम पर कोलकाता ने पुणे के सामने 153 रन की चुनौती रखी।
कोलकाता के कप्तान गौतम गंभीर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए आईपीएल में अपना 20वां पचासा लगाया। टूर्नामेंट के इतिहास में वे सर्वाधिक हाफ सेंचुरी लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस पारी से पहले वे क्रिस गेल के साथ 19 अर्धशतक लगा कर बराबरी पर थे। गेल का रिकॉर्ड तोड़ते ही गंभीर मिचेल मार्श की गेंद पर आउट हुए। गंभीर ने अपनी हाफ सेंचुरी में छह चौके लगाए।
इससे पहले मोहाली में हुए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब की टीम को आठ विकेट से शिकस्त दी। जीत के हीरो रहे अजिंक्य रहाणे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.