पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • LIVE 1st Test Ind Vs Aus Latest Score In Hindi

1st Test LIVE: ऑस्ट्रेलिया ने किया बैटिंग का फैसला, करन शर्मा का डेब्यू

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(फोटो - शॉट खेलते स्टीवन स्मिथ।)
एडिलेड. यहां ओवल मैदान पर हो रहे पहले टेस्ट मुकाबले का पहला दिन रोमांचक रहा। पहले दो सत्र मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने जमकर रन बटोरे, लेकिन टी-टाइम के बाद वह उसने 4 विकेट गंवाए। स्टंप्स तक ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट के नुकसान पर 354 रन बनाए। स्टीवन स्मिथ 72 रन बनाकर नाबाद रहे।
इंडिया के लिए मोहम्मद शमी ने 83 रन के खर्च पर दो विकेट चटकाए। वरुण आरोन ने भी 95 रन देने के बाद दो बल्लेबाजों को आउट किया। डेब्यू कर रहे करन शर्मा और स्टार पेसर इशांत शर्मा को 1-1 विकेट मिला।
आखिरी बॉल पर गिरा विकेट
मोहम्मद शमी ने स्टंप्स से पहले टीम को दोहरी सफलता दिलाई। पहले उन्होंने नाइटवॉचमैन बनकर आए नाथन लियॉन को क्लीन बोल्ड किया। लियॉन 3 रन बनाकर आउट हुए।
क्रीज पर नए आए ब्रैड हैडिन पारी जमाते, इससे पहले शमी ने उन्हें विकेटकीपर रिद्धिमान साहा के हाथों कैच करवा दिया। हैडिन बिना खाता खोले आउट हुए।
आरोन ने तोड़ी स्मिथ-मार्श की साझेदारी
पेसर वरुण आरोन ने स्मिथ और मार्श की साझेदारी तोड़ी। उन्होंने मिचेल मार्श को 41 रन के निजी योग पर कप्तान विराट कोहली के हाथों कैच करवाया। आउट होने से पहले मार्श ने स्मिथ संग चौथे विकेट के लिए 87 रन जोड़े।
स्मिथ का पचासा
स्टीवन स्मिथ ने पारी को संभालते हुए शानदार हाफ सेंचुरी पूरी की। वे स्टंप्स तक 130 गेंदों में 9 चौकों से सजी 72 रन की पारी खेलकर नाबाद रहे।
वार्नर आउट
मुरली विजय द्वारा दिए जीवनदान का फायदा वार्नर नहीं उठा सके। करियर का पहला टेस्ट मैच खेल रहे करन शर्मा ने शतकवीर वार्नर का विकेट चटकाकर टीम को राहत दी। वार्नर करियर में दूसरी बार 150 का आंकड़ा पार करने के करीब थे, लेकिन करन की फिरकी में फंसकर वे चूक गए। वार्नर द्वारा डीप मिडविकेट की ओर खेले शॉट को इशांत शर्मा ने कैच करने में कोई गलती नहीं की। वार्नर ने 19 चौकों से सजी 145 रन की पारी खेली।
वार्नर को रन आउट करने से चूके विजय
51वें ओवर में मुरली विजय ने हाथ में आया मौका गंवा दिया। सेंचुरी लगा चुके डेविड वार्नर ने मिडविकेट की ओर शॉट खेला था। उन्होंने अपने पार्टनर स्मिथ को रन के लिए बुलाया, लेकिन वे क्रीज से बाहर नहीं निकले। विजय के पास वार्नर को रन आउट करने का मौका था, लेकिन धीमी फील्डिंग के कारण उन्होंने वह चांस गंवा दिया।
क्लार्क चोटिल
कप्तान माइकल क्लार्क इशांत शर्मा की गेंद पर रिटायर्ड हर्ट हुए। शॉर्ट पिच गेंद से बचने के प्रयास में वे पीछे हुए। उन्हें गेंद तो नहीं लगी, लेकिन पीठ में लगी चोट फिर से उभर आई। क्लार्क ने तुरंत फिजियो को बुलाया। उन्होंने खेलने में असमर्थता जताई और 60 रन के निजी स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट पवेलियन लौट गए। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी क्लार्क पीठ की चोट की वजह से टीम से बाहर थे।
वार्नर की सेंचुरी
वार्नर बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सेंचुरी पूरी की। वार्नर ने करन शर्मा की गेंद पर सिंगल लेकर करियर का 10वां टेस्ट सैकड़ा पूरा किया। वार्नर ने अपना पचासा कुल 45 गेंदों में पूरा किया था।
वहीं दूसरे छोर से उनका साथ निभा रहे कप्तान क्लार्क ने करियर की 28वीं टेस्ट हाफ सेंचुरी पूरी की।
आरोन ने दिया दूसरा झटका
वरुण आरोन ने शेन वाटसन को सस्ते में आउट कर टीम को दूसरी सफलता दिलाई है। उन्होंने अपनी आउटस्विंग होती गेंद पर वाटसन को गलती करने पर मजबूर किया और वे धवन को आसान कैच थमा बैठे। वाटसन कुल 14 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए वार्नर संग 38 रन जोड़े।
पहला विकेट
इशांत शर्मा ने टीम को पहली सफलता दिलाते हुए ओपनर क्रिस रॉजर्स को चलता किया। मैच के 8वें ओवर में इशांत की बाहर जाती गेंद रॉजर्स के बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए स्लिप फील्डर शिखर धवन के हाथों में चली गई। रॉजर्स कुल 9 रन बनाकर आउट हुए।
टॉस - ऑस्ट्रेलिया ने किया पहले बल्लेबाजी का फैसला। इंडिया के लिए करन शर्मा डेब्यू कर रहे हैं। महेंद्र सिंह धोनी ने करन को टेस्ट कैप दी।
ऑस्ट्रेलिया ने दिवंगत फिलिप ह्यूज का नाम 13वें खिलाड़ी के रूप में शामिल किया। उल्लेखनीय है कि गत 27 नवंबर को ह्यूज का निधन सिर पर गेंद लगने की वजह से हो गया था।
टीमें इस प्रकार से हैं -

ऑस्ट्रेलिया - क्रिस रॉजर्स, डेविड वार्नर, शेन वाटसन, कप्तान माइकल क्लार्क, स्टीव स्मिथ, मिचेल मार्श, ब्रैड हैडिन, पीटर सिडल, मिचेल जॉनसन, रेयान हैरिस और नाथन लियॉन।

इंडिया - शिखर धवन, मुरली विजय, चेतेश्वर पुजारा, कप्तान विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, रोहित शर्मा, रिद्धिमान साहा, करन शर्मा, मोहम्मद शमी, इशांत शर्मा और वरुण आरोन।
बांधी काली पट्टी
अपने दिवंगत साथी फिलिप ह्यूज को श्रद्धांजलि देने के लिए दोनों टीमें मैदान में काली पट्टी बांध कर उतरीं। दोनों देशों के नेशनल एंथम के समय सभी खिलाड़ियों की बाजू पर काली पट्टी रही।
आगे क्लिक कर देखिए, एडिलेड टेस्ट के पहले दिन की चुनिंदा तस्वीरें