मोहाली. दक्षिण अफ्रीकी टीम केप कोबराज ने कैरेबियाई टीम बारबाडोस ट्राइडेंट्स को
चैंपियंस लीग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के ग्रुप-बी मुकाबले में सुपरओवर में हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। सुपरओवर में कोबराज ने 11 रन बनाए, जबकि बारबाडोस की टीम दस रन ही बना सकी। कोबराज की तीन मैचों में यह पहली जीत है, जबकि बारबाडोस की दो मैचों में यह दूसरी हार है।
निर्धारित समय का परिणाम
निर्धारित 20 ओवर में बारबाडोस ने आठ विकेट पर 174 रन बनाए जबकि कोबराज ने पांच विकेट पर 174 रन का स्कोर किया। इससे मैच टाई हो गया और इसका परिणाम निकालने के लिए सुपरओवर का सहारा लिया गया।
सुपर ओवर का रोमांच
सुपरओवर में बारबाडोस की तरफ से रवि रामपाल ने गेंदबाजी की, जिसमें कोबराज की ओर से बल्लेबाजी का जिम्मा संभाला रिचर्ड लेवी और डेन विलास ने। रामपाल के इस ओवर में 11 रन बने। कोबराज की ओर से साइब्रांड एंगलब्रेश्त ने सुपरओवर फेंका, जबकि बल्लेबाजी संभाली जोनाथन कार्टर और दिलशान मुनावीरा ने। एंगलब्रेश्त की दूसरी गेंद पर कार्टर ने चौका मारा, लेकिन अगली तीन गेंदों पर केवल पांच रन बने। अंतिम गेंद में बारबाडोस को जीत के लिए चार रन की जरूरत थी लेकिन टीम दो रन ही जुटा सकी और मुकाबला हार गई।