हैदराबाद. ओपनर जोड़ी रोबिन उथप्पा (46) और कप्तान गौतम गंभीर (60) के बीच पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की बदौलत
आईपीएल चैम्पियन कोलकाता नाइटराइडर्स ने लाहौर लायंस पर तीन गेंद शेष रहते चार विकेट से जीत दर्ज की।
चैम्पियंस लीग टी-20 टूर्नामेंट के ग्रुप-ए मैच में कोलकाता ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया था। स्पिन गेंदबाज सुनील नारायण ने उसके इस फैसले को सही साबित करते हुए लायंस को 151 रन के स्कोर पर रोकने में शानदार गेंदबाजी की।
उथप्पा ने अपनी 46 रन की पारी में चार चौके और दो छक्के जड़े, जबकि गंभीर ने शानदार 60 रन की पारी में आठ चौके जड़े। चौथे विकेट पर बल्लेबाजी करने उतरे युसूफ पठान ने एक छक्के के सहारे 11 और रेयान ने एक चौके के साथ 14 रन का योगदान किया। सुर्यकुमार यादव ने पांच गेंदों में एक चौका और एक छक्के के सहारे अविजित 14 रन बना अपनी टीम को विजय के लक्ष्य तक पहुंचा दिया। हालांकि, विजय लक्ष्य तक पहुंचने में कोलकाता ने अपने छह विकेट गंवा दिए।
शहजाद और अकमल का धमाका, लायंस ने बनाए 151 रन
इससे पहले ओपनर अहमद शहजाद (59) के शानदार अर्धशतक और उमर अकमल की 40 रन की तेज-तर्रार पारी से पाकिस्तान के लाहौर लायंस ने
आईपीएल चैम्पियन कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ चैम्पियंस लीग टी-20 टूर्नामेंट के ग्रुप-ए मैच में सात विकेट पर 151 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। शहजाद ने 42 गेंदों पर 59 रन में पांच चौके और चार छक्के लगाए।
अकमल की तूफानी पारी, लगाए तीन चौके और दो छक्के
अकमल ने 24 गेंदों पर 40 रन में तीन चौके और दो छक्के लगाए। ओपनर नासिर जमशेद ने 10 और वहाब रियाज ने नाबाद 14 रन बनाए। कोलकाता के गेंदबाजों ने सात वाइड सहित 17 अतिरिक्त गेंद लुटाए। क्वालिफायर से मुख्य टूर्नामेंट में पहुंची लाहौर लायंस की टीम 11वें ओवर तक अच्छी स्थिति में रहने के बाद लडखड़ा गई। लायंस का 11वें ओवर में स्कोर एक विकेट पर 75 रन था, लेकिन 16वें ओवर तक उसने अपने छह विकेट 103 रन पर गंवा दिए।
सुनील नारायण की घातक गेंदबाजी, झटके 3 विकेट
अबूझ कैरेबियाई स्पिनर सुनील नारायण ने चार ओवर में मात्र नौ रन पर तीन विकेट झटककर लायंस को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया। हालांकि, अकमल ने आखिरी चार ओवर में ताबड़तोड़ प्रहार करते हुए लायंस को 151 रन तक पहुंचाया। वह पारी की आखिरी गेंद पर आउट हुए। पैट कमिंस पीयूष चावला और कुलदीप यादव ने एक-एक विकेट लिया।
नाइटराइडर्स ने जीता टॉस, लिया गेंदबाजी का फैसला
इससे पहले उप्पल स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में चैम्पियंस लीग टी-20 टूर्नामेंट के सातवें मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स ने लाहौर लायंस के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। नाइटराइडर्स के कप्तान गौतम गंभीर ने जहां टॉस जीतकर लायंस को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया, वहीं लायंस के कप्तान मोहम्मद हफीज ने कहा कि वह भी पहले बल्लेबाजी ही चाहते थे।
मनीष पांडे की जगह उथप्पा टीम में
नाइटराइडर्स टीम में बीमार मनीष पांडे की जगह रॉबिन उथप्पा को जगह दी गई है। कुलदीप यादव भी नाइटराइडर्स के लिए अपना पहला मैच खेलेंगे। लायंस टीम में भी एक बदलाव करते हुए इमारन अली की जगह बाएं हाथ सें स्पिन गेंदबाजी करने वाले मुस्तफा इकबाल को शामिल किया गया है।
शीर्ष पर है केकेआर
ग्रुप-ए में नाइटराइडर्स एक मैच जीतकर शीर्ष पर बना हुआ है और यह उसका दूसरा ग्रुप मैच होगा। नाइटराइडर्स ने पहले ग्रुप मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को हराया था।
आगे की स्लाइड्स में देखें तस्वीरें...