ऑकलैंड. ईडन पार्क में हुआ तीसरा वनडे मुकाबला रोमांचक अंदाज में टाई हुआ। आखिरी गेंद पर इंडिया को 2 रनों की दरकार थी। रविंद्र जडेजा ने सिंगल लेकर मैच टाई करवा दिया। न्यूजीलैंड अब भी सीरीज में 2-0 से आगे है।
जडेजा 45 गेंदों में 66 रन और वरुण आरोन 2 रन बनाकर नाबाद रहे। जडेजा ने अपनी पारी में 5 चौके और 4 छक्के लगाए।
न्यूजीलैंड के लिए कोरी एंडरसन ने मैच में 5 विकेट चटकाए।
जडेजा की जादुई पारी
रविंद्र जडेजा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड टीम के जबड़े से जीत छुड़ा ली। उन्होंने 45 गेंदों में 66 रन बनाकर टीम इंडिया को सीरीज हार से बचा लिया। यह उनके वनडे करियर का सातवां पचासा रहा। उन्होंने सबसे पहले आर अश्विन के साथ सातवें विकेट केलिए 85 रन जोड़े। अश्विन के आउट होने के बाद उन्होंने भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी और वरुण आरोन के साथ उपयोगी साझेदारियां निभाईं।
7वां टाई मैच
इंडियन क्रिकेट टीम ने यह 7वां वनडे मुकाबला टाई किया है। इससे पहले 14 फरवरी 2012 को एडिलेड ओवल में हुए वनडे में इंडिया ने श्रीलंका के साथ बराबरी का मैच खेला था।
अश्विन का पचासा
आर अश्विन ने बल्ले से दम दिखाते हुए वनडे करियर की पहली हाफ सेंचुरी लगाई। उन्होंने 46 गेंदों में 8 चौके व 1 छक्का जड़ते हुए 65 रन बनाए। उन्होंने कप्तान
महेंद्र सिंह धोनी के साथ छठे विकेट के लिए 38 रन जोड़े। उसके बाद उन्होंने रविंद्र जडेजा के साथ मिलकर पारी को संभाला।
धोनी भी चमके
कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने लगातार दूसरे मैच में हाफ सेंचुरी लगाई। उन्होंने 2 चौकों व 3 छक्कों की मदद से 50 रन बनाए। उन्हें कोरी एंडरसन ने टिम साउथी के हाथों लपकवाकर आउट किया। धोनी ने रैना के साथ अर्धशतकीय साझेदारी भी निभाई।
कोरी एंडरसन का पंच
न्यूजीलैंड के लिए कोरी एंडरसन ने 63 रन देकर पांच विकेट चटकाए। उन्होंने रोहित शर्मा, शिखर धवन, कप्तान धोनी, अजिंक्य रहाणे और अश्विन को आउट किया। मार्च 2011 के बाद पहला इंटरनेशनल मैच खेले हामिश बेनेट ने 41 रन देते हुए 2 बल्लेबाजों को आउट किया। टिम साउथी और नाथन मैक्कुलम को 1-1 विकेट मिला।