बेंगलुरु ने दिल्ली को उनके ही होम ग्राउंड पर चार रनों से हराकर प्ले ऑफ की ओर कदम बढ़ा लिया। बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली की धमाकेदार पारी (58गेंदों पर 99 रन) की बदौलत निर्धारित 20 ओवर्स में तीन विकेट पर 183 रन बनाए और फिर दिल्ली को 179 रनों पर रोक दिया। बेंगलुरु के जयदेव उनादकट ने शानदार बॉलिंग करते हुए केवल 25 रन देकर पांच विकेट लिए। उन्हें इस प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया
184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली के लिए दिल्ली के लिए पहले उन्मुक्त चंद और बेन रोहरर और आखिरी ओवर्स में इरफान पठान और मोर्ने मोर्कल ने जीत का हर संभव प्रयास किया लेकिन बेंगलुरु के बॉलर्स ने उन्हें कामयाब नहीं होने दिया।
दिल्ली की शुरुआत ही खराब रही। चौथे ओवर में जयदेव उनादकट ने दिल्ली को पहला झटका देते हुए जयवर्धने को बोल्ड कर दिया। जयवर्धने ने 13 गेंदों पर 19 रन बनाए। पारी के छठवे ओवर में उनादकट ने दिल्ली को दूसरा झटका देते हुए सहवाग को भी पुजारा के हाथों कैच करा दिया। सहवाग ने 10 गेंदों पर 18 रन बनाए।
इसके बाद दिल्ली के कप्तान वार्नर भी नहीं चल सके और केवल चार रन बनाकर बोल्ड हो गए। तीन विकेट खो चुकी दिल्ली के लिए उन्मुक्त चंद और बेन रोहरर ने 58 रन जोड़ उम्मीद जगाई लेकिन केवल 11 रनों के अंतर में ये दोनों ही आउट हो गए। इसके बाद इरफान और मोर्कल ने जीत के लिए किला लड़ाया लेकिन वे कामयाब नहीं हुए। इरफान 11 गेंदों पर 23 रन बनाकर नॉट आउट रहे।
इससे पहले यहां दिल्ली के कप्तान बनाए गए डेविड वार्नर ने टॉस जीतकर बेंगलुरु को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। बेंगलुरु की शुरुआत खराब रही। दिल्ली को दूसरे ओवर में ही बड़ी सफलता दिलाते हुए इरफान पठान ने विस्फोटक क्रिस गेल को बोल्ड कर दिया। गेल केवल चार रन ही बना सके। दिल्ली को दूसरी सफलता दिलाते हुए सिद्धार्थ कौल ने चेतेश्वर पुजारा को बोल्ड कर दिया। पुजारा भी केवल 17 रन ही बना सके।
तीसरे विकेट के लिए विराट ने मोएसिस हैनरिक्स के साथ 67 रनों की साझेदारी कर टीम को पटरी पर ला दिया। इस समय हैनरिक्स 26 रन बनाकर शाहबाज नदीम का शिकार हुए।
इसके बाद विराट और डिविलियर्स ने केवल 40 गेंदों पर 96 रन जोड़कर टीम को 183 के टोटल तक पहुंचा दिया। आखिरी गेंद पर विराट को अपनी शतक के लिए दो रनों की दरकार थी लेकिन दूसरा रन लेते समय विराट रन आउट हो गए। विराट केवल एक रन से शतक से चूक गए और आखिरी गेंद पर दूसरा रन लेने के प्रयास में रन आउट हो गए। डिविलियर्स ने रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। विराट ने अपनी पारी में 58 गेंदों पर दस चौके और चार छक्के लगाए।
टीमें इस प्रकार हैं
दिल्ली
माहेला जयवर्धने, वीरेंद्र सहवाग, उन्मुक्त चंद, डेविड वार्नर, बेन रोहरर, केदार जाधव, इरफान पठान, मोर्ने मोर्कल, उमेश यादव, एस नदीम और एस कौल।
बेंगलुरु
क्रिस गेल,चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, एबी डिविलियर्स, मोएसिस हैनरिक्स, सौरभ तिवारी, एस मोहम्मद, विनय कुमार, रवि रामपॉल, मुरली कार्तिक और जयदेव उनादकट।