(पर्थ स्कॉर्चर्स के मिचेल मार्श।)
मोहाली. मिचेल मार्श (नाबाद 40 रन) और क्रेग सिमंस की बेहतरीन पारियों के दम पर पर्थ स्कॉर्चर्स ने डॉल्फिन्स को 6 विकेट से हराया। साउथ अफ्रीकी टीम द्वारा दिए 165 रन के टारगेट को पर्थ टीम ने 4 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। अंतिम दो गेंदों पर पर्थ को 12 रन की दरकार थी। मिचेल मार्श ने दोनों गेंदों पर छक्के लगाते हुए रोमांचक जीत दिलाई।
मार्श ने 26 गेंदों में 3 चौके व 2 मैच विनिंग छक्के लगाते हुए नाबाद 40 रन बनाए।
ओपनर क्रेग सिमंस ने 5 चौकों व 2 छक्कों से सजी 48 रन की पारी खेली। विकेटकीपर बल्लेबाज सैम व्हाइटमैन ने 6 चौकों व 1 छक्के की मदद से 45 रन का योगदान दिया।
डॉल्फिन्स ने दी 165 रन की चुनौती
डॉल्फिन्स ने पर्थ स्कॉर्चर्स के सामने 165 रन की चुनौती रखी। खाया जॉन्डो की 63 रन की जुझारू नाबाद पारी के दम पर साउथ अफ्रीकी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाए।
डॉल्फिन्स की टीम ने अपने 6 विकेट 14.1 ओवरों में कुल 97 रन के योग पर गंवा दिए थे। ऐसे मुश्किल वक्त में जॉन्डो ने एक छोर से मोर्चा संभाला। उन्होंने 50 गेंदों में 7 चौके जड़ते हुए नाबाद 63 रन बनाए।
उनके अलावा केशव महाराज ने 29 रन, डैरिन स्मिट ने 21 रन, फेलुक्वायो ने 14 रन और फ्राइलिंक ने नाबाद 15 रन की उपयोगी पारियां खेलीं।
स्कॉर्चर्स के लिए जेसन बेहरेन्डॉर्फ सबसे सफल रहे। उन्होंने 46 रन देते हुए तीन बल्लेबाजों को आउट किया। उनके अलावा यासिर अराफात और जोएल पेरिस ने 2-2 विकेट झटके।
आगे क्लिक कर देखिए मैच की चुनिंदा तस्वीरें