(विकेट लेने के बाद कुलदीप यादव को बधाई देते साथी खिलाड़ी। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।)
हैदराबाद. चैम्पियंस लीग टी-20 टूर्नामेंट के 10वें मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स ने ऑस्ट्रेलियाई टीम पर्थ स्कॉचर्स को तीन विकेटों से पराजित कर दिया। नाइटराइडर्स ने स्कॉचर्स से मिले 152 रनों के लक्ष्य को दो गेंद शेष रहते सात विकेट पर हासिल कर लिया। सूर्यकुमार यादव ने नाबाद रहते हुए सर्वाधिक 42 रनों का योगदान दिया। ग्रुप-ए में नाइटराइडर्स की यह लगातार तीसरी जीत है, और 12 अंकों के साथ शीर्ष पर उनकी स्थिति काफी मजबूत हो गई है।
लगे शुरुआती झटके
एक समय 5.4 ओवरों में 37 रनों पर तीन विकेट गंवाकर संकट में पहुंच गए नाइटराइडर्स को मनीष पांडे (24) ने रायन टेन डोशेट (15) के साथ चौथे विकेट के लिए 30 रनों की साझेदारी कर उबारने की भरपूर कोशिश की। कप्तान
गौतम गंभीर (2) और दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज जैक कैलिस (4) सस्ते में पवेलियन लौटे। यूसुफ पठान (21) भी जमते से लगने के बाद यासिर अराफात की गेंद पर जेसन बेहरेनडॉर्फ को कैट थमा चलते बने।
सूर्यकुमार ने दिलाई जीत
इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने बल्लेबाजी की कमान संभाली और 19वें ओवर में दो छक्के की मदद से 19 रन जोड़कर टीम पर आखिरी ओवर के दबाव के कम कर दिया। कुलदीप यादव को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वोग्स के अर्धशतक से पर्थ ने केकेआर को 152 रन का लक्ष्य दिया
कप्तान एडम वोग्स के नाबाद 71 रनों की मदद से ऑस्ट्रेलिया के पर्थ स्कॉचर्स ने चैम्पियंस लीग टी-20 के ग्रुप-ए मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ सात विकेट पर 151 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज वोग्स ने 52 गेंद में आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 71 रन की नाबाद पारी खेली, जिससे टीम स्पिनर सुनील नारायण (चार विकेट) और कुलदीप यादव (तीन विकेट) की फिरकी के जादू से उबरने में सफल रही।
पर्थ ने जीता टॉस, लिया बल्लेबाजी का फेसला
पर्थ की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम को कप्तान वोग्स और क्रेग सिमंस (39) ने पहले विकेट के लिए 68 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई। सिमंस ने पारी के पहले ही ओवर में यूसुफ पठान पर दो चौकों के साथ शुरुआत की, लेकिन वोग्स अगले ओवर में भाग्यशाली रहे जब कैलिस ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच टपका दिया।
एक के बाद एक सस्ते में लौटे बल्लेबाज
अच्छी शुरुआत के बाद शॉन मार्श 4, नाथन कुल्टर 0, एगर 4, टर्नर 0, यासिर अराफात 10 रन पर आउट हुए। वोग्स (71) और सिमंस (39) के बाद व्हाइटमेन (21) और यासिर अराफात (10) ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। सुनील नारायण ने 31 रन देकर 4 और कुलदीप यादव ने 24 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
आगे क्लिक कर देखें, तस्वीरों में मैच का रोमांच