एडिलेड. यहां ओवल मैदान पर हो रहे टेस्ट मुकाबले का तीसरा दिन मेहमान
टीम इंडिया के नाम रहा। कप्तान
विराट कोहली ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 115 रन की पारी खेली। उनकी सेंचुरी की मदद से इंडिया ने स्टंप्स तक 5 विकेट के नुकसान पर 369 रन बनाए। रोहित शर्मा 33 और रिद्धिमान साहा 1 रन बनाकर नाबाद रहे। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया द्वारा पहली पारी के स्कोर 517/7 घोषित से 148 रन पीछे है और उसके पांच विकेट सुरक्षित हैं।
कप्तान विराट ने एक छोर से मोर्चा संभालते हुए फॉलोऑन का खतरा टाला। उन्होंने मिचेल मार्श की गेंद पर अपनी सेंचुरी पूरी की। यह उनके करियर का 7वां और बतौर कप्तान पहला शतक है। कोहली ने पारी को संभाल लिया था, लेकिन स्टंप्स से महज 3 ओवर पहले मिचेल जॉनसन ने उन्हें आउट कर दिया। वे 115 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान
उन्हें बाउंसर भी लग गया।
कोहली ने एडिलेड में सेंचुरी लगाकर एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया। बतौर कप्तान करियर के पहले टेस्ट मैच में सेंचुरी लगाने वाले वे महज चौथे भारतीय कप्तान हैं। उनसे पहले विजय हजारे, दिलीप वेंगसरकर और सुनील गावसकर ने यह कारनामा किया था।
यही नहीं, 47 साल बाद ऑस्ट्रेलिया में कप्तानी डेब्यू करते हुए यह भारतीय खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है। इससे पहले दिसंबर 1967 में हुए एडिलेड टेस्ट में चंदू बोर्डे ने 67 रन की पारी खेली थी।
रहाणे-पुजारा-विजय ने जड़ी हाफ सेंचुरी
कप्तान कोहली के अलावा ओपनर मुरली विजय, चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे ने उपयोगी पारियां खेलीं। मुरली विजय ने पहला विकेट (शिखर धवन, 25 रन) कुल 30 रन के योग पर गिरने के बाद एक छोर से मोर्चा संभाला। उन्होंने 3 चौके व 2 छक्कों की मदद से 53 रन बनाए। अपनी फिफ्टी के दौरान विजय ने शिखर धवन संग 30 और पुजारा संग दूसरे विकेट के लिए 81 रन की पार्टनरशिप निभाई।
मुरली विजय के मिचेल जॉनसन के हाथों आउट होने के बाद पुजारा ने पारी संभाली। उन्होंने 135 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 73 रन बनाए। जब पुजारा क्रीज पर आए थे, तब टीम का स्कोर 30/1 था। उन्होंने नाथन लियॉन की गेंद पर क्लीन बोल्ड होने से पहले टीम को 192 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
अपनी हाफ सेंचुरी के दौरान पुजारा ने अजिंक्य रहाणे संग 81 रन की साझेदारी की।
युवा बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने भी सॉलिड टेक्नीक का प्रदर्शन करते हुए 62 रन की बेहतरीन पारी खेली। रहाणे ने अपनी हाफ सेंचुरी के दौरान 10 चौके जड़े। स्पिनर नाथन लियॉन के आगे वे नाकाम हुए और 76वें ओवर में अपना विकेट गंवा बैठे।
एडिलेड टेस्ट का स्कोरकार्ड
| ऑस्ट्रेलिया पहली पारी |
517/7 (घोषित) |
| बैटिंग |
- डेविड वार्नर - 145 रन
- कप्तान माइकल क्लार्क - 128 रन
- स्टीवन स्मिथ - 162* रन
|
| बॉलिंग |
- मोहम्मद शमी - 2/120
- वरुण आरोन - 2/136
- करन शर्मा - 2/143
- इशांत शर्मा - 1/85
|
| इंडिया पहली पारी |
369/5 (तीसरे दिन स्टंप्स तक) |
| बैटिंग |
- विराट कोहली - 115 रन
- चेतेश्वर पुजारा - 73 रन
- अजिंक्य रहाणे - 62 रन
- मुरली विजय - 53 रन
- शिखर धवन - 25 रन
- रोहित शर्मा - 33* रन
|
| बॉलिंग |
- मिचेल जॉनसन - 2/90
- नाथन लियॉन - 2/103
- रेयान हैरिस - 1/49
|
| टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के स्कोर से 148 रन पीछे। 5 विकेट सुरक्षित। |
आगे क्लिक कर देखिए, तीसरे दिन के खेल की लाइव तस्वीरें