बेंगलुरु. यहां चिन्नास्वामी में हुए
चैम्पियंस लीग टी-20 मुकाबले में स्पिनर आर अश्विन की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर चेन्नई सुपरकिंग्स ने पर्थ स्कॉर्चर्स को 13 रन से हराया। 156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पर्थ टीम 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 142 रन ही बना सकी। यासिर अराफात 12 और जोएल पेरिस 5 रन बनाकर नाबाद रहे।
चेन्नई के लिए अश्विन ने 20 रन के खर्च पर तीन विकेट झटके। आशीष नेहरा ने भी अपनी स्पीड का कमाल दिखाते हुए 27 रन देते हुए दो बल्लेबाजों को आउट किया।
पर्थ टीम के लिए नाथन कोल्टर नील ने 30 और एश्टन टर्नर ने 22 रन की तेज पारियां खेलीं, लेकिन वे 156 रन के टारगेट को हासिल करने के लिए काफी नहीं थीं।
18वें ओवर की आखिरी गेंद पर एश्टन टर्नर रन आउट हुए। इससे पहले अश्विन की फिरकी के बाद आशीष नेहरा ने अपनी फास्ट बॉलिंग का कमाल दिखाया। उन्होंने कप्तान एडम वोजेस को LBW जज करवाकर चलता किया। वे 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
अश्विन के आगे कंगारू बेबस
पर्थ टीम का पहला विकेट 18 रन के योग पर गिरा। आशीष नेहरा ने ओपनर क्रेग सिमंस को 13 रन के निजी स्कोर पर कप्तान
महेंद्र सिंह धोनी के हाथों लपकवाया।
नेहरा के पहले वार के बाद अश्विन की फिरकी का जादू चला। अश्विन ने चौथे ही ओवर में एश्टन अगर को क्लीन बोल्ड किया। वे कुल 4 रन बना सके। उनके बाद क्रीज पर आए मिचेल मार्श ने कप्तान एडम वोजेस के साथ मिलकर 27 रन जोड़े। 10वें ओवर में अश्विन ने इस जोड़ी को तोड़ा और मार्श को
रवींद्र जडेजा के हाथों कैच करवाकर आउट किया। मार्श ने 2 चौकों की मदद से 26 गेंदों में 19 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलियाई टीम आर अश्विन की ऑफ स्पिन के आगे बेबस नजर आई। अश्विन ने चार ओवर की बॉलिंग में 22 रन देते हुए तीन बल्लेबाजों को आउट किया। उनका आखिरी शिकार सैम व्हाइटमैन रहे, जिन्हें उन्होंने 12वें ओवर में पगबाधा जज करवाकर चलता किया। वे कुल 5 रन बनाकर आउट हुए।
चेन्नई ने दी 156 रन की चुनौती
कप्तान
महेंद्र सिंह धोनी और रवींद्र जडेजा की बेहतरीन पारियों के दम पर चेन्नई सुपरकिंग्स ने ऑस्ट्रेलियाई टीम पर्थ स्कॉर्चर्स के सामने 156 रन का टारगेट रखा है। कप्तान धोनी ने कुल 16 गेंदों में 4 छक्कों की मदद से 35 रन बनाए, वहीं जडेजा ने 4 चौकों व 2 छक्कों से सजी 44 रन की नाबाद पारी खेली।
पर्थ टीम के लिए एश्टन टर्नर, जोएल पेरिस, नील कोल्टर नील, यासिर अराफात और ब्रेड हॉग ने 1-1 विकेट चटकाया।
फ्लॉप हुआ टॉप ऑर्डर
चेन्नई सुपरकिंग्स की शुरुआत खराब रही। उसे पहला झटका महज 15 रन के योग पर लगा। जोएल पेरिस ने सबसे पहले ओपनर ब्रेंडन मैक्कुलम को क्लीन बोल्ड किया। वे 11 रन बनाकर आउट हुए। क्रीज पर नए आए सुरेश रैना कुछ खास नहीं कर सके और ओवर की पांचवीं गेंद पर रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। वे कुल एक रन बना सके।
मैक्कुलम और रैना के बाद ओपनर ड्वेन स्मिथ भी सस्ते में आउट हुए। यासिर अराफात ने छठे ओवर में स्मिथ को क्लीन बोल्ड किया। वे 11 रन बनाकर आउट हुए। युवा बल्लेबाज मिथुन मिन्हास ब्रेड हॉग के आगे फेल हुए। वे कुल 18 रन बनाकर आउट हुए।