पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Mumbai Indians Beat Sri Lankan Team In Champions League T20

CLT20: मुंबई इंडियंस ने दर्ज की दमदार जीत, क्वालिफाई करने की उम्मीद बाकी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(प्रज्ञान ओझा संग विकेट का जश्न मनाते कप्तान कीरॉन पोलार्ड।)
रायपुर. लेंडल सिमंस और माइक हसी की दमदार हाफ सेंचुरी के दम पर मुंबई इंडियंस ने श्रीलंकाई टीम सदर्न एक्सप्रेस को 9 विकेट से पराजित किया। यहां शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में हुए चैम्पियंस लीग टी-20 क्वालिफायर मैच में बड़ी जीत दर्ज कर मुंबई टीम ने मुख्य टूर्नामेंट में एंट्री करने की अपनी उम्मीदें बरकरार रखी हैं।

जेहान मुबारक की कप्तानी वाली सदर्न एक्सप्रेस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 161 रन का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में पूर्व चैम्पियन मुंबई इंडियंस ने 16.2 ओवरों में ही 162 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। ओपनर लेंडल सिमंस 76 रन और कप्तान कीरॉन पोलार्ड 20 रन बनाकर नाबाद रहे। दूसरे ओपनर माइक हसी ने 60 रन की शानदार पारी खेली।

ओपनर्स बने हीरो

नियमित कप्तान रोहित शर्मा के बिना खेल रही मुंबई इंडियंस के लिए उसके विदेशी ओपनर्स ने बेहतरीन शुरुआत दी। लेंडल सिमंस और माइक हसी ने मिलकर पहले विकेट के लिए 139 रन जोड़े। माइक हसी ने कुल 40 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौकों व 3 छक्कों की मदद से 60 रन बनाए। वे 15वें ओवर में सचिथ पाथिराना की गेंद पर आउट हुए।

उनके आउट होने के बाद लेंडल सिमंस ने कप्तान कीरॉन पोलार्ड के साथ मिलकर मुंबई को 9 विकेट की जीत दिला दी। सिमंस 11 चौकों व 1 छक्के से सजी 76 रन की पारी खेलकर नाबाद रहे।

पोलार्ड की तूफानी पारी

माइक हसी ने सिमंस के साथ मिलकर मुंबई की जीत पक्की कर दी थी, लेकिन टीम को बड़ी जीत दिलाने का कारनामा किया कप्तान पोलार्ड ने। उन्होंने कुल 7 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 20 रन बनाए। 17वें ओवर में पाथिराना की ही दो गेंदों पर लगातार छक्के लगाकर उन्होंने मुंबई को जिताया। उनका मैच विनिंग छक्का दर्शकों के बीच जाकर लैंड हुआ।

श्रीलंकाई टीम ने बनाए 161 रन

मुंबई के कप्तान कीरॉन पोलार्ड ने टॉस जीतकर मेहमान श्रीलंकाई टीम को पहले बैटिंग करने के लिए आमंत्रित किया था। सदर्न एक्सप्रेस की शुरुआत खराब रही। महज 13 रन के योग पर ओपनर थिसारा परेरा (8 रन) जसप्रीत बुमराह की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। उनके आउट होने के बाद क्रीज पर आए यशोधा लंका ने गुनाथिलका के साथ मिलकर पारी संभालने का प्रयास किया, लेकिन 8वें ओवर में वे आउट हो गए। उनका विकेट कप्तान पोलार्ड ने अंबाती रायुडू के बेहतरीन कैच की मदद से झटका। वे कुल 9 रन बना सके।

श्रीलंकाई टीम के बल्लेबाज मुंबई इंडियंस के बॉलिंग अटैक के सामने बेबस दिख रहे थे। 14वें ओवर की तीसरी गेंद डाले जाने तक सदर्न एक्सप्रेस के पांच विकेट कुल 90 रन के योग पर गिर चुके थे। एंजलो परेरा ने फरवीज माहरूफ के साथ मिलकर 58 रन की साझेदारी निभाई और टीम को 148 रन के योग तक पहुंचाया। उन्होंने तीन चौकों की मदद से 28 रन बनाए।

माहरूफ 41 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 22 गेंदों का सामना करते हुए 3 चौके व 2 छक्के लगाए। माहरूफ की नाबाद पारी के दम पर सदर्न एक्सप्रेस ने 6 विकेट पर 161 रन का स्कोर खड़ा किया, लेकिन यह मुंबई को रोकने के लिए काफी नहीं था।

मुंबई इंडियंस के श्रेयस गोपाल सबसे महंगे रहे। उन्होंने कुल दो ओवर की बॉलिंग में 29 रन लुटाए। जसप्रीत बुमराह, लासिथ मलिंगा, कीरॉन पोलार्ड, जलज सक्सेना और प्रज्ञान ओझा को 1-1 विकेट मिला।
आगे क्लिक कर देखिए, मैच की चुनिंदा तस्वीरें
चैम्पियंस लीग टी-20 के क्वालिफाइंग राउंड की प्वाइंट्स टेबल
टीम जीते हारे टाई कोई नतीजा नहीं अंक नेट रन रेट
नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट 2 0 0 0 8 +2.684
मुंबई इंडियंस 1 1 0 0 4 +0.498
लाहौर लायंस 1 1 0 0 4 -1.496
सदर्न एक्सप्रेस 0 2 0 0 0 -1.670