फाेटो: मैच जीतने के बाद जश्न की मुद्रा में जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ी।
मुंबई. ओपनर बल्लेबाज शुभम खजूरिया (78) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत
जम्मू एवं
कश्मीर ने वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए रणजी ट्रॉफी सत्र के पहले ग्रुप मुकाबले में 40 बार की चैम्पियन मुंबई को चार विकेट से हरा दिया। परवेज रसूल की कप्तानी में यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की। रणजी ट्रॉफी के इतिहास में दोनों टीमों के बीच यह पहला मुकाबला था। मुबई ने जम्मू एवं कश्मीर को दूसरी पारी में जीत के लिए 237 रनों का टारगेट दिया था। जवाब में उसने छह विकेट खोकर टारगेट हासिल किया।
80 साल में पहली भिड़ंत
रणजी ट्रॉफी के 80 साल के इतिहास में पहली बार मुंबई और जम्मू-कश्मीर की टीमें आमने-सामने थीं। भारत की ओर से एक वनडे खेल चुके परवेज रसूल की कप्तानी में जम्मू की टीम ने मुंबई को हराने का कारनामा कर दिखाया। जम्मू की टीम में काफी नए खिलाड़ी हैं, वहीं मुंबई की टीम में इकबाल अब्दुल्ला सहित अधिकतर खिलाड़ियों को
आईपीएल में खेलने का अनुभव है।
परवेज की कप्तानी पारी
एक विकेट पर 58 रनों से आगे खेलते हुए चौथे दिन जम्मू एवं कश्मीर को पहला झटका बहुत जल्द लग गया। टीम के खाते में अभी आठ रन ही जुड़े थे कि बंदीप सिंह (12) पवेलियन लौट गए। इसके बाद खजूरिया ने इयान देव सिंह (30) के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 और फिर कप्तान परवेज रसूल (32) के साथ चौथे विकेट के लिए 53 रन जोड़े।
हरदीप और वसीम ने संभाली पारी
खजूरिया और फिर रसूल के एक के बाद एक पवेलियन लौटने के बाद मुंबई एक बार फिर वापसी करता दिखा, लेकिन हरदीप सिंह (41 नाबाद) और वसीम रजा (16) ने छठे विकेट के लिए 44 रन जोड़ कर टीम को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया। दूसरी पारी में मुंबई की ओर से विशाल दाभोलकर ने दो जबकि इकबाल अब्दुल्ला, अभिषेक नायर और शार्दुल ठाकुर ने एक-एक विकेट हासिल किए।
मुंबई ने पहली पारी में बनाए थे 236 रन
इससे पहले मुंबई ने पहली पारी में 236 रन बनाए थे। इसके बाद जवाब में जम्मू एवं कश्मीर 254 रन बना कर आउट हो गया था। खजूरिया ने पहली पारी में 107 रनों की पारी खेली थी। मुंबई ने भी दूसरी पारी में 254 रन बनाए। जम्मू एवं कश्मीर के राम दयाल ने पहली पारी में तीन, जबकि दूसरी पारी में पांच विकेट चटकाए।
आगे क्लिक कर देखें, तस्वीरों में मैच का रोमांच