कोलंबो. श्रीलंका के विकेटकीपर और पूर्व कप्तान कुमार संगकारा ने कहा है कि वह अगले वर्ष होने वाले क्रिकेट विश्वकप के बाद
वनडे मैचों से संन्यास ले लेंगे। बेहतरीन फार्म में चल रहे 37 वर्षीय संगकारा ने कहा, "इंग्लैंड के खिलाफ जारी सीरीज निश्चित तौर पर श्रीलंका में मेरी आखिरी
वनडे सीरीज है, क्योंकि अगले वर्ष 2015 में फरवरी से शुरू होने वाले विश्वकप के बाद मैं वनडे से संन्यास से लूंगा।"
इंग्लैंड के खिलाफ छठे वनडे में शानदार शतकीय पारी खेलने वाले संगकारा ने कहा, "यह संन्यास लेने का सही मौका है और मैंने पहले ही इसके बारे में फैसला कर लिया था। अपने फैसले से बिल्कुल शांति में हूं।" उन्होंने टेस्ट मैचों से संन्यास के बारे में कुछ भी नहीं कहा, वहीं इंग्लैंड के खिलाफ मैच में अंपायर ब्रूस आक्सेनफोर्ड के बैंटिंग पावरप्ले नहीं देने के फैसले पर विरोध जताने के कारण संगकारा के ऊपर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।