(शाहिद आफरीदी - फाइल फोटो)
कराची. स्टार ऑलराउंडर शाहिद आफरीदी को पाकिस्तान की टी-20 टीम का कप्तान बनाया गया है। वे 2016 में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप तक टीम की कमान संभालेंगे। अब तक मोहम्मद हफीज यह जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
उल्लेखनीय है कि हफीज को मिस्बाह उल हक के बाद टीम की कमान सौंपी गई थी। उनके दो साल के कार्यकाल के बाद भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड उनका नया विकल्प नहीं खोज पाया।
शानदार रहा हफीज का रिकॉर्ड
हफीज ने पाकिस्तानी टी-20 टीम की कमान 1 जून 2012 से संभाली थी। उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने 29 मैचों में से 17 में जीत दर्ज की। 11 मैचों में टीम को पराजय का सामना करना पड़ा और एक मैच टाई रहा। जीत दिलाने के मामले में वे पाकिस्तान के नंबर 1 टी-20 कप्तान रहे।
बतौर कप्तान हफीज का रिकॉर्ड भी शानदार रहा। उन्होंने 29 मैचों में 28.96 के औसत से 753 रन बनाए जिसमें पांच पचासे शुमार रहे। उनके टी-20 करियर का बेस्ट बैटिंग परफॉर्मेंस भी कप्तानी संभालते हुए ही आया। उन्होंने 3 मार्च 2013 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में 86 रन की करियर बेस्ट पारी खेली।
सिर्फ बल्ले से ही नहीं, उन्होंने बतौर गेंदबाज भी कप्तान की जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने 29 मैचों में 27.65 के औसत से 20 विकेट झटके, जिसमें 3/25 उनका बेस्ट रहा।
हफीज ने इस साल बांग्लादेश में हुए टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की पराजय के बाद कप्तानी छोड़ दी थी।
डेब्यू मैच में आफरीदी ने जड़ा था पचासा
शाहिद आफरीदी करियर में दूसरी बार टी-20 टीम के कप्तान नियुक्त हुए हैं। इससे पहले 2009 से 2011 के बीच उन्होंने 19 मैचों में पाकिस्तान की कमान संभाली। बतौर कप्तान पहले टी-20 मुकाबले में उन्होंने मैच विनिंग हाफ सेंचुरी लगाई थी। 12 अगस्त 2009 को कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ हुए उस मैच में उन्होंने 4 चौकों व 2 छक्कों की मदद से 50 रन बनाए थे।
आफरीदी का बतौर कप्तान रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने 19 में से कुल 8 मैचों में जीत दर्ज की, वहीं 11 में उसे पराजय का सामना करना पड़ा। जीत प्रतिशत के आधार पर वे पाकिस्तान के सबसे बेकार टी-20 कप्तान रहे।