ब्रिसबेन. 25 वर्षीय स्टीवन स्मिथ इंडिया के खिलाफ यहां गब्बा में होने वाले दूसरे टेस्ट मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान संभालेंगे। ऑस्ट्रेलिया के सिलेक्टर्स ने सोमवार को यह घोषणा की। स्मिथ ऑस्ट्रेलिया के तीसरे सबसे युवा कप्तान हैं।
उल्लेखनीय है कि एडिलेड टेस्ट के दौरान बैटिंग करते समय नियमित कप्तान माइकल क्लार्क की पीठ का दर्द लौट आया था। उसके बाद फाइनल दिन फील्डिंग करते समय उनकी हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई। इसी वजब से वे इस टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं।
एडिलेड टेस्ट के अंतिम दिन क्लार्क के चोटिल होने के बाद विकेटकीपर ब्रैड हैडिन ने टीम की कप्तानी संभाली थी, लेकिन दूसरे टेस्ट के लिए उन्हें उप-कप्तान के पद पर कायम रखा गया है।
स्मिथ रहे थे हिट
एडिलेड टेस्ट में स्मिथ का प्रदर्शन शानदार रहा था। उन्होंने पहली पारी में नॉटआउट 162 रन और दूसरी पारी में नाबाद 52 रन बनाए। उन्हें इसी परफॉर्मेंस का इनाम कप्तानी के रूप में मिला है। स्मिथ अब तक 23 टेस्ट खेल चुके हैं, जिनकी 44 पारियों में उन्होंने 46.02 के औसत से 1749 रन बनाए हैं। उनके खाते में 5 सेंचुरी और 9 फिफ्टी शुमार हैं।
45वें कप्तान
स्टीवन स्मिथ ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करने वाले 45वें खिलाड़ी हैं। इस टीम की सबसे पहले कमान संभाली थी डेव ग्रेगरी ने। ग्रेगरी 1877-79 के दौरान ऑस्ट्रेलिया के कप्तान रहे।
यही नहीं, वे तीसरे सबसे युवा कप्तान भी हैं। उन्हें 25 वर्ष 198 दिन की आयु में कप्तानी संभालने का मौका मिला है।
ऑस्ट्रेलिया के तीन सबसे युवा कप्तान ये रहे -
- इयान ग्रेग - 22 साल 115 दिन (1957-58)
- किम ह्यूज - 25 साल 57 दिन (1979-84)
- स्टीवन स्मिथ - 25 साल 198 दिन (2014-)
उप-कप्तानी से हटाए गए हैडिन
ऑस्ट्रेलिया टीम के सिलेक्टर रॉडनी मार्श ने कहा, "क्लार्क चोट के कारण टेस्ट सीरीज में आगे नहीं खेल पाएंगे। क्लार्क की चोट और भविष्य को ध्यान में रखते हुए हमने स्टीवन स्मिथ को उप-कप्तान नियुक्त किया है। क्लार्क की वापसी के बाद स्मिथ उप-कप्तान की भूमिका संभालेंगे।"