मुंबई. टीम इंडिया के स्टार बैट्समैन विराट कोहली इन दिनों अपनी खामियां सुधारने में जुटे हैं। मुंबई में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर उनकी मदद कर रहे हैं। हाल ही में संपन्न हुए इंग्लैंड दौरे पर विराट का
प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। उनकी बैटिंग तकनीक में
काफी खामियां सामने आईं थीं, जिनकी वजह से वह कई बार दस से भी कम रनों पर आउट हुए। कोहली ने तेंडुलकर को मैसेज करके मदद की गुहार लगाई थी। सचिन ने उनकी बात मानी और अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार हो गए।
सबसे तेज पिच पर खेले विराट
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अधिकारी लालचंद राजपूत ने बताया, "गुरुवार को विराट यहां गहन अभ्यास सत्र के लिए आए थे। उस सेशन में सचिन भी उनके साथ उपस्थित रहे। विराट तेंडुलकर की निगरानी में लगभग तीन से चार दिन और अभ्यास करेंगे।" कोहली ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन की इंडोर प्रैक्टिस एरिया की सबसे तेज पिच पर अभ्यास किया। सचिन उनके हर शॉट के बाद उन्हें ग्रिप और स्टांस सुधारने की टिप्स दे रहे थे।
कोहली गंवा सकते हैं वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का मौका
पिछले साल 21 नवंबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ कोच्चि में विराट ने सबसे तेज 5000 रन पूरे करते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की थी। उनकी तकनीक में आई खामी उन्हें सबसे तेज 6000 रन पूरे करने के अगले वर्ल्ड रिकॉर्ड से महरूम कर सकती है।
कोहली ने फिलहाल 130 पारियों में 51.24 के औसत से 5688 रन बनाए हैं। सबसे तेज 6000 वनडे रन पूरे करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड वेस्ट इंडीज के सर विवियन रिचर्ड्स के नाम है, जिन्होंने 141वीं पारी में यह आंकड़ा छुआ था। कोहली को रिचर्ड्स के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए अगली 10 पारियों में 312 रन बनाने होंगे।
आगे की स्लाइड में पढ़ें, कोहली ने पिछली 10 टेस्ट पारियों में बनाए केवल 134 रन...