पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • West Indian Cricketer Kemar Roach Breaks Muttiah Muralitharan Record

कैरिबियाई बॉलर ने तोड़ा 11 साल पुराना रिकॉर्ड, मुरलीधरन को पछाड़ा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(विकेट लेने के बाद उत्साहित केमार रोच।)
सेंट लूसिया. वेस्ट इंडीज के स्टार बॉलर केमार रोच के रिकॉर्ड पंच के दम पर वेस्ट इंडीज ने ग्रॉस आइलेट टेस्ट के दूसरे दिन मैच पर पकड़ मजबूत कर ली। मेजबान द्वारा पहली पारी में बनाए 380 रन के जवाब में बांग्लादेशी टीम ने स्टंप्स तक अपने 7 विकेट कुल 104 रन के योग पर गंवा दिए। रोच इस मैदान पर बेस्ट बॉलिंग परफॉर्मेंस के मामले में श्रीलंकाई दिग्गज मुथैया मुरलीधरन को पछाड़ते हुए नंबर 1 पोजिशन पर आ गए हैं।

केमार रोच की घातक गेंदबाजी के आगे मेहमान बांग्लादेश के बल्लेबाज बेबस नजर आए। उन्होंने कुल 33 रन के खर्च पर 5 बल्लेबाजों को आउट किया। ओपनर तमीम इकबाल ने 48 रन की पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। दिन का खेल खत्म होने तक महमूदुल्लाह 13 और शफिउल इस्लाम 6 रन बनाकर नाबाद रहे। बांग्लादेशी टीम मेजबान टीम से 276 रन पीछे है और उसके कुल तीन विकेट सुरक्षित हैं।

चंद्रपॉल की दमदार पारी

ऐतिहासिक 500वां टेस्ट मैच खेल रही वेस्ट इंडीज ने पहले दिन के स्कोर (246/3) से खेलना शुरू किया। टीम के स्कोर में कुल पांच रन के इजाफे के बाद ओवरनाइट नाबाद रहे डैरेन ब्रावो रोबियुल इस्लाम की गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने 4 चौकों व 2 छक्कों से सजी 46 रन की पारी खेली।

उनका विकेट गिरने के बाद जरमेन ब्लैकवुड (8), कप्तान दिनेश रामदीन (0) और केमार रोच (0) सस्ते में आउट हो गए। कैरिबियाई टीम का स्कोर 269 रन पर 7 विकेट हो गया था। मुश्किल वक्त में शिवनारायण चंद्रपॉल ने सीनियर खिलाड़ी का दायित्व निभाते हुए एक छोर से मोर्चा संभाला। उन्होंने जेरॉम टेलर के साथ मिलकर 8वें विकेट के लिए 54 रन जोड़े। टेलर ने भी आतिशी तेवर दिखाते हुए 5 चौकों व 2 छक्कों की मदद से 40 रन बनाए।

चंद्रपॉल ने 198 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके जड़ते हुए नाबाद 84 रन बनाए। उनकी जुझारू हाफ सेंचुरी की बदौलत वेस्ट इंडीज ने पहली पारी में 380 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

फिर रोच ने किया वार

अनुभवी बल्लेबाज चंद्रपॉल की हाफ सेंचुरी के बाद बारी थी कैरिबियाई टीम के गेंदबाजों की। फास्ट बॉलर केमार रोच ने बांग्लादेशी पारी के छठे ओवर में ओपनर शमसूर रहमान को विकेटकीपर रामदीन के हाथों लपकवाकर चलता किया। वे कुल 1 रन बना सके।

पहला विकेट महज 14 रन के योग पर गिरने के बाद तमीम इकबाल ने एक छोर से मोर्चा संभाला। अभी बांग्लादेश के खाते में 29 रन ही जुड़े थे कि केमार रोच ने क्रीज पर नए आए एनामुल हक को स्लिप फील्डर डैरेन ब्रावो के हाथों लपकवा दिया। वे कुल 9 रन बनाकर आउट हुए।

बांग्लादेश के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। एक तरफ से जमे हुए ओपनर तमीम इकबाल भी अधिक देर नहीं टिक पाए। 25वें ओवर में केमार रोच ने उन्हें भी बाहर जाती गेंद पर ड्राइव करने का लालच देकर विकेटकीपर कप्तान रामदीन के हाथों कैच करवा दिया। तमीम ने 75 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौकों की मदद से 48 रन बनाए।

इकबाल के आउट होने के बाद बांग्लादेशी पारी बिखरने लगी। मोमिनुल हक 3 रन, कप्तान मुश्फिकर रहीम 4 रन और नासिर हुसैन 1 रन बनाकर आउट हुए। 12 रन बनाने वाले ताइजुल इस्लाम रोच का पांचवां शिकार बने।

रोच के अलावा जेरॉम टेलर ने 33 रन देते हुए दो विकेट झटके।

तोड़ा 11 साल पुराना रिकॉर्ड

केमार रोच ने सेंट लूसिया के ग्रॉस आइलेट में बेस्ट बॉलिंग परफॉर्मेंस का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने कोरी कॉलीमोर द्वारा 2003 में बनाए रिकॉर्ड को ध्वस्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। कोलीमोर ने 20 जून 2003 को श्रीलंका के खिलाफ मैच की पहली पारी में 66 रन देते हुए 5 विकेट चटकाए थे।

ग्रॉस आइलेट पर बेस्ट बॉलिंग परफॉर्मेंस इस प्रकार से रहे -

केमार रोच (वेस्ट इंडीज) - 5/33 - बनाम बांग्लादेश - 13 सितंबर 2014

कोरी कॉलीमोर (वेस्ट इंडीज) - 5/66 - बनाम श्रीलंका - 20 जून 2003

मुथैया मुरलीधरन (श्रीलंका) - 5/138 - बनाम वेस्ट इंडीज - 20 जून 2003

रामनरेश सरवन (वेस्ट इंडीज) - 4/37 - बनाम बांग्लादेश - 28 मई 2004

मुश्फिकर रहीम (बांग्लादेश) - 4/65 - बनाम वेस्ट इंडीज - 28 मई 2004

आगे क्लिक कर देखिए मैच की ताजा तस्वीरें