लखनऊ। शीर्ष वरीय खिलाड़ी साइना नेहवाल नें पी वी सिंधू को हराकर ग्रांपी गोल्ड का महिला एकल खिताब जीत लिया है। लंबे इंतजार के बाद आखिर सायना को खिताबी जीत हासिल करने में सफलता मिली है। इससे पहले जून 2012 में थाइलैंड ओपन ग्रांपी गोल्ड में साइना ने खिताबी जीत दर्ज की थी। वहीं पी वी सिंधु लगातार दूसरे साल इंडियन ग्रांपी के फाइनल में हार गईं।
लखनऊ के बाबू बनारसी दास इंडोर स्टेडियम में रविवार को हुए इंडिया की दोनों टॉप टेनिस स्टार्स के इस मुकाबले में दुनिया की 9वें नंबर की खिलाड़ी साइना ने 11वीं वर्ल्ड रैंकिंग वाली सिंधू को 40 मिनट में 21-14, 21-17 से मात दे दी।
ओलिम्पिक में कांस्य पदक विजेता साइना ने पहले सेट में एकतरफा जीत हासिल की। साइना ने पहले सेट में शुरू से बढ़त बनाए रखी और सिंधू को एक बार भी आगे नहीं निकलने दिया।
दूसरे गेम में हालांकि सिंधु को शुरुआती अंक हासिल करने में सफलता मिली, लेकिन सायना ने एकबार फिर सिंधु को पछाड़ते हुए दूसरे गेम में मात दी।
साइना और सिंधु के बीच विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) के किसी टूर्नामेंट में यह पहली भिड़ंत थी। इससे पहले बीते वर्ष इंडियन बैडमिंटन लीग (आईबीएल) के पहले संस्करण में भी दोनों खिलाड़ी दो बार एक-दूसरे का सामना कर चुकी हैं, जिसमें साइना दोनों ही बार विजेता रही थीं।