लंदन. एंजेलो ओग्बोना के हेडर की मदद से वेस्टहेम यूनाइटेड ने लिवरपूल को एक्स्ट्रा टाइम में 2-1 से हराकर एफ ए कप फुटबॉल के पांचवें राउंड में जगह बनाई। ओग्बोना ने दिमित्री पायेट के फ्री किक पर मिले पास पर शानदार हेडर जमाया। गेंद लिवरपूल के गोलकीपर सिमोन मैगनोलेट को छकाते हुए नेट में उलझ गई। इस प्रकार वेस्टहेम ने एफ ए कप में लिवरपूल पर पहली जीत दर्ज की।
हाफ टाइम के पहले तक लिवरपूल 1-0 से आगे था। उसकी ओर से मिशेल एंटोनियो (45वां मिनट) ने गोल किया। सेकंड हाफ के खत्म होने में जब तीन मिनट बचे थे, तब वेस्ट हेम के फिलिप कॉटिन्हो ने फ्री किक जमाकर टीम को 1-1 से बराबर कर दिया।
एक्स्ट्रा टाइम (120वें मिनट) में ओग्बोना ने गोल कर टीम को जीत दिला दी। अगले राउंड में तीन बार के विजेता वेस्टहेम का सामना ब्लेकबर्न रोवर्स से होगा।
वहीं, वेनेजुएला में आयोजित कोपा लिब्रटाडोर्स फुटबॉल टूर्नामेंट में वेनेजुएला काराकस ने अर्जेंटीना हुराकेन को 2-1 से हराया। जबकि रिवर प्लेट उरुग्वे और यूनिवर्सिडाड डि चिली के बीच मुकाबला 0-0 से बराबर रहा।