फोटो: ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों से गेंद छीनने की कोशश करते भारतीय कप्तान सरदार सिंह ।
भुवनेश्वर. चैम्पियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में भारत ने अपना अभियान चौथे नंबर पर खत्म किया। रविवार को कलिंगा स्टेडियम में तीसरे-चौथे स्थान के लिए हुए मैच में ऑस्ट्रेलिया ने मेजबान भारत को 2-1 से हरा दिया। भारत ने आखिरी बार ब्रॉन्ज मेडल 1982 में जीता था।
पहला क्वार्टर गोलरहित रहा। इसके बाद, ऑस्ट्रेलिया के एडी ओकेनडेन ने 18वें मिनट में फील्ड गोल दाग कर अपनी टीम को पहली बढ़त दिलाई। इसके बाद लगातार बराबरी की कोशिश में लगी भारतीय टीम को सफलता 42वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर के जरिए मिली। यह गोल ललित उपाध्याय ने किया। हालांकि, दस मिनट बाद ही 52वें मिनट में मैट गोहडेस ने निर्णायक गोल दाग ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से आगे कर दिया। मैच खत्म होने से ठीक पांच मिनट पहले भारत को एक पेनाल्टी कॉर्नर भी मिला, लेकिन भारतीय खिलाड़ी इसका फायदा नहीं उठा सके।