पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जर्मनी ने जाता चैंपियंस ट्रोफी का खिताब

चैंपियंस ट्रोफी: जर्मनी ने जीता खिताब, पाकिस्तान को 2-0 से हराया

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भुवनेश्वर. जर्मनी ने दो खिलाड़ियों का निलंबन झेल रहे पाकिस्तान को 2-0 से हराकर चैम्पियंस ट्राॅफी जीत ली है। उसने हॉकी का यह खिताब 2007 के बाद पहली बार और ओवर ऑल 10वीं बार अपने नाम किया। मेजबान भारत विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया से हारकर चौथे स्थान पर रहा।
तीन बार चैम्पियन रह चुके पाकिस्तान ने क्वार्टर फाइनल में विश्व कप रजत विजेता हालैंड के खिलाफ 4.2 की जीत और सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ 4.3 की जीत में जो जज्बा दिखाया था, वह विवादों के बाद फाइनल में नदारद था। दो खिलाडियों के निलंबन का साफ असर पाकिस्तानी टीम के प्रदर्शन पर दिखाई दिया, जिसका सात युवा विश्व कप खिलाडियों के साथ खेल रही जर्मन टीम ने पूरा फायदा उठाया।
क्रिस्टोफर वेस्ली ने 18वें मिनट में मैदानी गोल दाग कर जर्मनी को आगे कर दिया। पाकिस्तान ने बराबरी पर आने की भरपूर कोशिश की, लेकिन उसके खिलाडी मौके चूकते रहे। जर्मनी ने 57वें मिनट में अपना दूसरा गोल कर खिताब मुट्ठी में कर लिया। फ्लोरियन फुक्स ने गोल कर पाकिस्तान की उम्मीदों को तोड़ दिया।
टीम इंडिया कांस्य मुकाबला भी हारी
चैम्पियंस ट्रॉफी में एक दिन पहले पाकिस्तान से हारने वाली भारतीय टीम ने रविवार को भी निराश किया। मेजबान टीम तीसरे स्थान के लिए हुए प्ले ऑफ मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से 1-2 से हार गई। इस तरह विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया तीसरे और भारत चौथे स्थान पर रहा। इस हार से 32 साल बाद पदक जीतने की भारतीय उम्मीदें भी चकनाचूर हो गईं।
भारत इस टूर्नामेंट में सिर्फ एक बार 1982 में तीसरा स्थान हासिल कर सका था, जबकि 2012, 2004, 2003, 2002, 1996 और 1983 में चौथे स्थान पर रहा था। 13 बार के चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ 18वें मिनट में बढ़त बनाई। उसके लिए पहला गोल एडी ओकेनडेन ने किया।
दूसरे क्वार्टर तक वह 1-0 से आगे रहा। लेकिन मैच के 42वें मिनट में कलिंग स्टेडियम तब गूंज उठा, जब ललित उपाध्याय ने पेनल्टी काॅर्नर पर गोल किया। स्कोर 1-1 हो गया। बराबरी के बाद भारत के तीसरे स्थान पर आने की उम्मीद भी कायम थी। लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने 52वें मिनट में मैट गोड्स के गोल से 2-1 की बढ़त बना ली। यह बढ़त निर्णायक साबित हुई और उसने इसी अंतर से मैच जीत लिया।
इस हार के साथ पाकिस्तान का 20 साल बाद यह खिताब जीतने का सपना टूट गया। पाकिस्तान ने 1994 में लाहौर में पेनल्टी शूट आउट में जर्मनी को हराकर आखिरी बार खिताब जीता था। पाकिस्तान पिछले दो मैचों के प्रदर्शन से फाइनल में जीत का दावेदार था। लेकिन विवाद और निलंबन उसे लू डूबा।
नीदरलैंड्स को पांचवां स्थान
दुनिया की दूसरे नंबर की टीम नीदरलैंड्स टूर्नामेंट में पांचवें स्थान पर रही। उसने पांचवें-छठे स्थान के लिए हुए मुकाबले में अर्जेंटीना को 4-1 से हराया। अर्जेंटीना ने मैच के 19वें मिनट में बढ़त जरूर बनाई। लेकिन डच टीम ने शानदार वापसी कर यह मैच जीत लिया। इंग्लैंड ने बेल्जियम को हराकर टूर्नामेंट में सातवां स्थान हासिल किया। उसने यह मैच में 3-2 से जीता। आठ टीमों के इस टूर्नामेंट में बेल्जियम आखिरी स्थान पर रहा।