(इंचियोन गेम्स के लिए पहुंचे नॉर्थ कोरियाई दल की एथलीट टूर्नामेंट के मेस्कॉट को निहारतीं।)
इंचियोन. 17वें एशियन
गेम्स का आज आगाज रंगारंग ओपनिंग सेरेमनी से होगा। पहली बार गेम्स की मेजबानी कर रहे साउथ कोरिया के इंचियोन शहर ने आयोजन को सफल बनाने के लिए 99 अरब रुपए खर्च किए हैं। इसमें 19 प्रतिशत कोरियाई सरकार और 78.9 फीसदी इंचियोन की सरकार ने खर्च किया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंचियोन गेम्स की टिकटों की बिक्री में काफी समस्या आ रही है। ओपनिंग सेरेमनी के कुल 40 फीसदी टिकट ही बिक सके हैं।
एशियन गेम्स पर हुए खर्च की यदि भारत के संदर्भ में तुलना की जाए तो इंचियोन ने लगभग 13 लाख भारतीयों की सालाना आय के बराबर पैसा लुटाया है।
ग्वांगझू ने खर्च किए थे 1116 अरब रुपए
ब्लूमबर्ग न्यूज एजेंसी में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, 2010 के
एशियाई खेलों के दो हफ्ते के कार्यक्रम पर ग्वांगझू ने 1116 अरब रुपए से अधिक की राशि खर्च की। आयोजन के महज एक साल बाद एक चीनी अधिकारी ने दावा किया कि खेलों के आयोजन के बाद ग्वांगझू शहर पर 1951 अरब रुपए का कर्ज चढ़ गया है। सरकारी आंकड़ों के विपरीत ग्वांगझू ने 1116 अरब रुपए नहीं, बल्कि 2341 अरब रुपए खेलों पर खर्च किए थे।
स्थानीय लोग मानते हैं सियोल को बेहतर
इंचियोन साउथ कोरिया का उभरता शहर है, जिसे वहां की सरकार बिजनेस सिटी की तर्ज पर डेवलप कर रही है। इंचियोन की सरकार का कहना है कि उसने पैसा काफी सोच-समझकर निवेश किया है। उसने चीन जैसी गलती नहीं दोहराई है, लेकिन चीनी शहर ग्वांगझू की तुलना में इंचियोन काफी छोटा शहर है। यही नहीं, वहां के स्थानीय लोग खेलों की मेजबानी के लिए सियोल शहर को इंचियोन से बेहतर मानते हैं। यही कारण है कि आयोजकों को टिकट बिक्री में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ओपनिंग सेरेमनी के टिकटों की बिक्री सितंबर 2013 में शुरू हुई थी, लेकिन अब तक कुल 40 फीसदी टिकट बिकी हैं। आयोजकों ने अपना लक्ष्य 75 फीसदी या उससे अधिक बिक्री का रखा था। फिलहाल, इंचियोन अपने इस टारगेट से काफी पीछे है।
इंचियोन खेलों को सफल बनाने के लिए 99 अरब रुपए के बजट कां बंटवारा कुछ इस प्रकार से किया गया -
85 फीसदी - स्टेडियम व इन्फ्रास्ट्रक्चर के निर्माण में।
67.2 करोड़ रुपए - स्टेडियम और ट्रेनिंग ग्राउंड्स के मेंटेनेंस के लिए।
628.9 करोड़ रुपए - शहर की यातायात व्यवस्था जैसे सड़कें, कनेक्टिविटी इत्यादि सुधारने के लिए।
45 देशों के 13,000 एथलीट्स दिखाएंगे दम
63 साल पहले नई दिल्ली से शुरू हुआ एशियाई खेलों का कारवां साउथ कोरिया के इंचियोन शहर आ पहुंचा है। यहां 16 दिन तक आयोजित होने वाले 36 विभिन्न स्पोर्ट्स इवेंट्स में 45 एशियाई देशों के 13,000 धुरंधर एथलीट्स खुद को सर्वश्रेष्ठ साबित करने की होड़ में शामिल होंगे। खेलों की ओपनिंग सेरेमनी दोपहर 2.30 बजे शुरू होगी, जिसका प्रसारण टेन स्पोर्ट्स करेगा।
ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में हमारे एथलीट्स का प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होंने 64 मेडल जीते। एशियन गेम्स के मंच पर भारतीय एथलीट्स ग्लासगो गेम्स को पीछे करते हुए पदकों की संख्या बढ़ाने के लिए तैयार हैं।
आगे क्लिक कर पढ़िए, क्या खास है इंचियोन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी में...