फोटो: भारत को हराने के बाद कुछ यूं पाकिस्तानी खिलाड़ी ने जश्न मनाया।
इंचियोन. भारतीय हॉकी टीम इंचियोन में चल रहे 17वें
एशियाई खेलों में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के हाथों ग्रुप-बी मुकाबले में 1-2 से पराजित हो गई। तेज गति से खेले गए इस मैच में पाकिस्तान के लिए मोहम्मद उमर भुट्टा ने 38वें मिनट में गोल करके अपनी टीम को 1-0 से आगे किया, लेकिन निकिन तिमैया ने 52वें मिनट में गोल करके भारत को 1-1 से बराबरी दिला दी।
टीम इंडिया फिर अपने किले को सुरक्षित नहीं रख पाई और मोहम्मद वकास ने 53वें मिनट में गोल करके पाकिस्तान को 2-1 से जीत दिला दी।
तीन मैचों में भारत की पहली हार
भारत की तीन मैचों में यह पहली हार है, जबकि पाकिस्तान ने अपने तीनों मैच जीते हैं। पाकिस्तान तीन मैचों में आठ अंकों के साथ शीर्ष पर है, जबकि भारत छह अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। इस हार के बाद भारत का अब सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया से मुकाबला हो सकता है। भारत अंतिम लीग मुकाबले में शनिवार को चीन के खिलाफ उतरेगा।
श्रीलंका और ओमान को किया था पराजित
भारत ने इससे पहले श्रीलंका को 8-0 से और फिर ओमान को 7-0 से हराया था, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ टीम को हार का सामना करना पड़ा। पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील न करने की भारत की कमजोरी एक बार फिर आड़े आई। पहले दो क्वार्टर में भारत टीम को दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल हुए, लेकिन टीम उन्हें गोल में नहीं बदल सकी।
भेद न सकी पाकिस्तानी 'किला'
मैच के 38वें मिनट में भुट्टा ने रिबाउंड पर गोल करके मैच में जान फूंक दी। गोल खाकर सकते में आयी टीम इंडिया ने इसके बाद अपने खेली में तेजी दिखाई, लेकिन उसे तीसरे क्वार्टर में गोल का मौका नहीं मिला। अंतिम क्वार्टर के दूसरे मिनट में मनप्रीत सिंह के पास गोल करने का बेहतरीन मौका था, लेकिन वह उनकी कोशिश अंजाम तक नहीं पहुंच पायी।
52वें मिनट में इकलौता गोल
आखिरकार भारत को 52वें मिनट में बराबरी करने का मौका मिला। निकिन तिमैया ने शानदार गोल करके भारत को बराबरी दिला दी। भारतीय टीम अभी जश्न भी नहीं मना पाई थी कि अगले ही मिनट मोहम्मद वकास ने गोल करके पाकिस्तान को 2-1 से आगे कर दिया। पाकिस्तान ने इसके बाद अपनी बढ़त को अंत तक बरकरार रखा और हूटर बजे ही उसके खिलाड़ियों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया।