एशियन गेम्स के छठे दिन इंडिया को तीन ब्रॉन्ज मिले। सबसे पहले शूटिंग में महिला डबल ट्रैप टीम इवेंट में शगुन चौधरी, श्रेयसी सिंह और वर्षा वर्मन ने ब्रॉन्ज पर निशाना साधा।
रोइंग में
टीम इंडिया का प्रदर्शन अच्छा रहा। पहले स्वर्ण सिंह ने सिंगल स्कल्स वर्ग में ब्रॉन्ज जीता। उनके बाद पुरुष टीम इवेंट में भारतीय नाविक तीसरे स्थान पर रहा।
कपिल शर्मा, रंजीत सिंह, बजरंग ताखर, पी रॉबिन, सावन कुमार, मोहम्मद आजाद, मनिंदर सिंह, देविंदर सिंह और मोहम्मद अहमद ने मिलकर देश को 13वां ब्रॉन्ज दिलाया।
तीरंदाजी टीम गोल्ड मेडल राउंड में
गेम्स के छठे दिन भारतीय तीरंदाजों का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। पुरुष कंपाउंड टीम इवेंट में इंडिया के अभिषेक वर्मा, रजत चौहान और संदीप कुमार की टीम ईरान को 231-227 के स्कोर से परास्त करते हुए फाइनल तक पहुंची। भारतीय तीरंदाजों का दल शनिवार 27 तारीख को गोल्ड मेडल के लिए जद्दोजहद करेगी।
तीरंदाजी की महिला कंपाउंड स्पर्धा में भारतीय टीम थोड़ी दुर्भाग्यशाली रही। सेमीफाइनल मुकाबले में उसे चाइनीज ताइपे से पराजय झेलनी पड़ी। 27 तारीख को ब्रॉन्ज मेडल मैच में पुर्वशा शिंदे, लिली चानू और ज्योति वेन्नम ईरान से टकराएंगी।
सिंगल्स में भी मेडल की उम्मीद
तीरंदाजी के कंपाउंड इंडीविजुअल इवेंट में भी भारतीय एथलीट्स का प्रदर्शन अच्छा रहा। महिला वर्ग में तृषा देब और पुरुष वर्ग में अभिषेक वर्मा सेमीफाइनल में प्रवेश कर गए। तृषा ने खुद से अधिक अनुभवी ईरानी तीरंदाज शबनम लक को 142-131 के स्कोर से पराजित किया। सेमीफाइनल में तृषा का सामना साउथ कोरियाई एथलीट जीह्युन सियोक से होगा। सियोक ने भारत की पुर्वशा शिंदे को 143-140 से हारकर अंतिम चार में पहुंचीं।
पुरुष वर्ग में अभिषेक वर्मा साउथ कोरिया के यॉन्गही चोई को पराजित कर तीरंदाजी के पुरुष कंपाउंड इंडीविजुअल इवेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई। अभिषेक ने क्वार्टरफाइनल में 147-142 के स्कोर के साथ जीत दर्ज की। सेमीफाइनल में उनका सामना मलेशिया के मुहम्मद जाकी बिन महाजन से होगा। इंडिया के दूसरे तीरंदाज संदीप कुमार को फिलिपिंस के पॉल मार्टन के हाथों पराजय झेलनी पड़ी।
दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 27 तारीख को होंगे।
हॉकी में मिली हार
एशियाई खेलों के छठे दिन इंडिया को सबसे बड़ी निराशा हॉकी के मैदान में हाथ लगी। पुरुष हॉकी में भारतीय टीम को चिरप्रतिद्वंद्वी टीम पाकिस्तान से 1-2 की पराजय मिली है। सेमीफाइनल तक पहुंचने के लिए इंडियन टीम को चीन के खिलाफ होने वाला अगला मैच हर हाल में जीतना होगा।
मैच के पहले दो क्वार्टर तक दोनों ही टीमें गोल के लिए तरस रही थीं। तीसरे हाफ में पाकिस्तान के फॉर्वर्ड प्लेयर मोहम्मद उमर भुट्टा ने मैच के 38वें मिनट में पहला गोल दागा। अंतिम व निर्णायक क्वार्टर में पाकिस्तानी डिफेंस ने भारतीय खिलाड़ियों को गोल पोस्ट से दूर रखा, लेकिन 53वें मिनट में निक्किन चंदाना ने गोल कर इंडिया को 1-1 की बराबरी दिलाई।
पाकिस्तानी टीम जीतने के लिए आतुर थी। अगले ही मिनट में मोहम्मद वकास ने गोल कर पाकिस्तान को मैच में 2-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी। अंतिम 6 मिनट में इंडिया के पास बराबरी का मौका आया, लेकिन वे उसे भुना नहीं सके।