फोटो : बिना हाथ वाली बॉडीबिल्डर बार्बी थॉमस।
खेल डेस्क. कहते हैं 'मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है। पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है।' इन पंक्तियों को चरितार्थ किया है 37 वर्षीय बॉडीबिल्डर बार्बी थॉमस ने। बचपन में हुए एक हादसे में दोनों हाथ गंवाने के बाद भी बार्बी इंटरनेशनल बॉडीबिल्डिंग में नाम कमा रही हैं। वह कैलिफोर्निया में होने वाली अमेरिकन बॉडीबिल्डिंग चैम्पियनशिप में हिस्सा ले रही हैं।
बार्बी ने 2005 में अंतरराष्ट्रीय स्तर की 'एनपीसी जूनियर बॉडीबिल्डंग टूर्नामेंट' का खिताब अपने नाम किया। उनके दो बेटे हैं। एक की उम्र 17 और दूसरे की 13 साल है। बार्बी को इंस्पिरेशनल मॉम (प्रेरणादायक मां) भी कहा जाता है।
हादसे ने छीना था नन्ही बच्ची के हाथ
बार्बी जब सिर्फ दो साल की थीं, तभी एक हादसे में उनके दोनों हाथ नहीं रहे। वह खेल-खेल में घर के पास के एक ट्रांसफॉर्मर पर चढ़ गईं। इसी बीच, जबरदस्त करंट लगने के कारण उनके दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए। हादसा इतना भयानक था कि दोनों हाथों की हड्डियां तक गल गईं। यही वजह थी कि उनके हाथ काटने पड़े।
मां करती थीं चिंता
बार्बी ने एक इंटरव्यू में बताया, "छोटी उम्र में हाथ गंवाने का मुझे जरा भी अहसास नहीं था। पर मैनें मां को मेरे लिए हर वक्त चिंतित रहते देखा है। मां हमेशा सोचती थी कि मैं बड़ी होकर क्या करूंगी।" बार्बी के मुताबिक, अब उनकी मां को उनपर नाज है। गौरतलब है कि दो बच्चों की मां बार्बी इंटरनेशनल स्तर पर 'प्रेरणादायक मां' के रूप में पहचानी जाती हैं।
ऐसे की बॉडीबिल्डिंग की शुरुआत
बचपन से ही कुछ कर गुजरने की तमन्ना लिए बार्बी ने 2000 में बॉडीबिल्डिंग से जुड़ने का निश्चय किया। ट्रेनिंग तो शुरू कर दी, लेकिन कुछ बेहतर करने की उम्मीद नहीं जग रही थी। उन्होंने तब के हालात के बारे में बताया, "मैं जिस भी टूर्नामेंट में हिस्सा लेने जाती, आयोजक साफ मना कर देते। कोई अनुमति देता भी तो कहता- जीत नहीं पाओगी। लेकिन मैंने कर दिखाया। आज आपके सामने हूं।"
चलाती हैं कार, करती हैं स्विमिंग और खेलती हैं फुटबॉल
बार्बी बिना हाथ के भी नॉर्मल जिंदगी जीती हैं। वह पैर से कार चलाकर ट्रेनिंग सेंटर जाती हैं। बच्चों के लिए घर पर खाना बनाती हैं। बता दें कि बॉडीबिल्डिंग के अलावा वह मॉडलिंग भी करती हैं। इसके लिए कई प्रतियोगिताओं को क्वालिफाई करने के लिए स्विमिंग भी कर चुकी हैं। बार्बी डांस में भी माहिर हैं।
मिल चुका है हॉलीवुड फिल्म का ऑफर
बार्बी को हॉलीवुड की एक फिल्म में भी काम करने का ऑफर मिला था। उन्होंने बताया, "हॉलीवुड के मशहूर प्रॉड्यूसर और अभिनेता स्टीवन स्पेलबर्ग ने 'A.I.' फिल्म के लिए एक्टिंग का ऑफर दिया था, जिसमें मुझे एक रोबोट का किरदार निभाना था। उस समय मैं प्रेग्नेंट थी, इसलिए मैंने मना कर दिया था।"
आगे क्लिक कर देखें, कैसे बिना हाथ के सभी कामों को अंजाम देती हैं बार्बी थॉमस और वीडियो भी देखें (अंतिम स्लाइड)