मेलबर्न। वर्ल्ड नंबर 1 टेनिस खिलाड़ी
राफेल नडाल शान से ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में पहुंच गए। क्वार्टरफाइनल मुकाबले में उनका सामना ग्रेगर दिमित्रोव से था, लेकिन नडाल ने किसी भी तरह के उलटफेर को टाल दिया। उन्होंने हाथ में छाला पड़ने के बावजूद चार सेट लंबे मैच को 3-6, 7-6(7-3), 7-6 (9-7), 6-2 से जीता।
मैच के बाद नडाल ने कहा, "मैं भाग्यशाली था जो उसने एक इजी फोरहैंड के साथ एक और मौका भी मिस कर दिया। स्पैनिश खिलाड़ी ने कहा कि हाथ के छाले ने खेल पर बहुत अधिक प्रभाव डाला है खासकर सर्व के दौरान। जब भी सर्व करता था मुझे ऐसा लगता था जैसे रैकेट मेरे हाथ से गिर जाएगा, लेकिन सब ठीक रहा।"
मैच के दौरान नडाल को दो बार टाई ब्रेकर की स्थिति से गुजरना पड़ा, लेकिन दोनों ही बार वे विजेता रहे। पहले सेट में उन्होंने दिमित्रोव ने 3-6 से पछाड़ दिया था। दूसरे सेट में धमाकेदार वापसी करते हुए नडाल ने मैच में बराबरी हासिल कर ली। तीसरा सेट भी वे टाई ब्रेकर के जरिए जीते। चौथे व निर्णायक सेट में उन्हें ज्यादा परेशानी नहीं हुई और वे आसानी से मैच जीत गए।
नडाल करियर में 21वीं बार किसी भी ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं। अबतक खेले 21 सेमीफाइनल मैचों में से 18 में उन्होंने जीत दर्ज की है और तीन बार वे पराजित हुए हैं। अंतिम-8 दौर से उन्हें बाहर करने का कारनामा सिर्फ तीन खिलाड़ी कर सके हैं। जो विलफ्रेंड सोंगा, एंडी मरे और जुआन मार्टिन डेल पोत्रो ने उन्हें सेमीफाइनल में पराजित किया था।
सेमीफाइनल में उनका सामना ब्रिटिश स्टार एंडी मरे को पराजित कर अंतिम 8 में पहुंचे रॉजर फेडरर से होगा। पूर्व नंबर 1 फेडरर ने मरे को 6-3, 6-4, 6-7, 6-3 से हराया।
पेस और स्टेपनेक की चुनौती खत्म
भारत के
लिएंडर पेस और उनके पार्टनर राडेक स्टेपनेक ऑस्ट्रेलियन ओपन पुरुष डबल्स क्वार्टर फाइनल से बाहर हो गए। बुधवार को मेलबर्न पार्क में माइकल लॉड्रा और निकोलस माहुत ने लिएंडर पेस और उनके जोड़ीदार को सीधे सेटों में हरा दिया।
5वें नंबर की भारत-चेक गणराज्य की जोड़ी को 13 नंबर की फ्रेंच जोड़ी ने 2-6, 6-7 से सीधे सेटों में हराकर बाहर कर दिया।
पेस और उनके जोड़ीदार स्टेपनेक पहले सेट में ही लापरवाही से खेलते दिखे और उन्होंने मैच में 4 डबल फॉल्ट कर डाले। उन्होंने मैच में 11 बेजां की गलतियां कीं, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी फ्रेंच जोड़ी ने 6 बार गलतियां की।
लॉड्रा और माहुत का अगला मुकाबला अब दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।