बेंगलुरु. सोमदेव देववर्मन ने सर्बियाई खिलाड़ी को हराकर डेविस कप विश्व ग्रुप प्ले ऑफ मुकाबले में भारत को 2-2 से बराबरी करा दी है। उन्होंने पहले रिवर्स सिंगल्स में दुसान लाजोविच को 1-6, 6-4, 4-6, 6-3, 6-2 से हराया। लेकिन यूकी भांबरी और फिलिप क्राजिनोविच के बीच दूसरा रिवर्स सिंगल्स बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका। जब मैच रोका गया तब क्राजिनोविच 6-3, 4-4 से आगे थे।
114 वर्ष के इतिहास में होगा पहली बार!
भारतीय निगाहें अब यूकी पर टिक गई हैं। अगर भारत जीता तो डेविस कप के 114 साल के इतिहास में यह सिर्फ 52वां मौका होगा जब कोई टीम 0-2 से पिछड़ने के बाद मुकाबला जीतेगी। भारत सिर्फ एक बार 2010 में ऐसी जीत दर्ज कर सकता है। तब उसने ब्राजील के खिलाफ 0-2 से पिछड़ने के बावजूद मुकाबला जीता था।
सोमदेव की पलटवार, किया दिग्गज को चित
इससे पहले सोमदेव ने पहले रिवर्स सिंगल्स में 1-2 से पिछड़ने के बाद जीत दर्ज की। पहला सेट हारने वाले सोमदेव ने अंतिम दोनों सेट जीते। सोमदेव की विश्व रैंकिंग 144 और लाजोविच की 61 है। इस लिहाज से सोमदेव की जीत अहम मानी जा रही है। दोनों खिलाड़ियों के बीच यह मुकाबला तीन घंटे 40 मिनट तक चला।