पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Abhinav Bindra's Name Recommended For Bharat Ratna

अभिनव बिंद्रा को सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न देने की सिफारिश

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ओलंपिक में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाले एकमात्र भारतीय निशानेबाज अभिनव बिंद्रा को भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न देने की सिफारिश की है। एनआरएआई सलाहकार बलजीत सिंह सेठी ने बताया कि अभिनव बिंद्रा ओलंपिक में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाले एकमात्र भारतीय है। ऐसे में हम बिंद्रा को भारत रत्न दिए जाने की सिफारिश कर रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजे गये पत्र में एनआरएआई ने यह सिफारिश की है।
उन्होंने कहा कि इससे न सिर्फ उदीयमान निशानेबाजों बल्कि खेलों में अपना करियर बनाने की सोच रहे युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। यह खेलों के लिये बहुत अच्छा होगा।
एनआरएआई अध्यक्ष रानिंदर सिंह ने पत्र में लिखा है कि हम ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा के नाम की सिफारिश करते हैं जिन्होंने बीजिंग में 2008 के ओलंपिक खेलों में पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। ओलंपिक खेलों में किसी भारतीय खिलाड़ी का यह एकमात्र स्वर्ण पदक है और वह देश के सर्वोच्च सम्मान का हकदार है।
पंजाब के जिराकपुर के 30 वर्षीय बिंद्रा ने 11 अगस्त 2008 को बीजिंग ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय खेलों में नया इतिहास रचा था। बिंद्रा 1980 के बाद ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय थे। भारतीय पुरुष हाकी टीम ने 1980 के मास्को ओलंपिक में सोने का तमगा जीता था। खिलाड़ियों को पहले भारत रत्न पाने का हकदार नहीं माना जाता था लेकिन 2011 में सचिन तेंदुलकर को यह सम्मान देने की काफी मांग उठी जिसके बाद इसके मापदंड बदल दिए गए। हालाकि सचिन को भी अब तक यह सम्मान नहीं मिला है।