सिडनी. मोहम्मद इरफान (पांच विकेट) की शानदार गेंदबाजी और सोहेब मकसूद (नाबाद 93 रन) की बेहतरीन पारी के बावजूद पाकिस्तान विश्व कप प्रैक्टिस मैच में मुश्किल से बांग्लादेश को हरा पाया। इस साधारण प्रदर्शन की वजह से 15 फरवरी को वर्ल्ड कप के अपने पहले मैच में भारत से भिड़ने जा रही पाकिस्तान टीम की तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पाकिस्तान ने अभ्यास मैच में तीन विकेट से संघर्षपूर्ण जीत दर्ज की। बांग्लादेश ने तमीम इकबाल (81) और महमूदुल्लाह (83) की हाफ सेंचुरी की मदद से 49.5 ओवर में 246 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। जवाब में पाकिस्तान ने 48.1 ओवर में सात विकेट पर 247 रन बनाकर जीत अपने नाम की। अन्य अभ्यास मैचों में इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका ने जीत दर्ज की, जबकि न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे का मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका।
मोहम्मद इरफान रहे जीत के हीरो
पाकिस्तान के सात फुट एक इंच लंबे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद इरफान ने 52 रन पर पांच विकेट झटके। लेग स्पिनर यासिर शाह ने 42 रन देकर दो विकेट लिए। सोहेल खान और वहाब रियाज को एक एक विकेट मिला।
शुरुआती झटकों के बाद मकसूद ने दिलाई जीत
लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने अपने दो विकेट आठ रन पर और चार विकेट 103 रन तक गंवा दिए थे। लेकिन मकसूद ने 90 गेंदों पर नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 93 रन की ठोस पारी खेलते हुए पाकिस्तान को 48.1 ओवर में जीत दिला दी। हारिस सोहेल ने 39, विकेटकीपर उमर अकमल ने 39 और ऑलराउंडर शाहिद आफरीदी ने 24 रन का योगदान दिया। मशरफे मुर्तजा और तस्कीन अहमद ने दो-दो विकेट लिए।
आगे स्लाइड्स में पढ़ें, अन्य अभ्यास मैचों के नतीजे...