मेलबर्न. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावसकर और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान इयान चैपल ने कहा है कि वर्ल्ड कप में 15 फरवरी को होने जा रहे भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले में भारत का पलड़ा भारी है। मीडिया से बातचीत में इन दोनों ही पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों ने कहा कि भारतीय टीम पिछले काफी दिनों से ऑस्ट्रेलिया में है और यहां की परिस्थतियों से ज्यादा बेहतर तरीके से वाकिफ है। इसके अलावा, वर्ल्ड कप के किसी भी मैच में भारत पाकिस्तान से नहीं हारा है। इस बात को लेकर पाकिस्तान पर मनोवैज्ञानिक दबाव रहेगा। सुनील गावसकर ने कहा कि सईद अजमल के नहीं खेलने से पाकिस्तान की ताकत आधी हो गई है। गुरुवार को वर्ल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन होगा।
अच्छे फॉर्म में नहीं हैं दोनों ही टीमें
ऑलटाइम बेस्ट प्लेयर्स में गिने जाने वाले सुनील गावसकर ने कहा, "आज की तारीख में भारत और पाकिस्तान, दोनों ही टीमें अच्छा फॉर्म नहीं दिखा पा रहीं हैं। पाकिस्तान को न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना पड़ा, तो भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा भी कोई खास नहीं रहा। लेकिन इंडिया के फेवर में उसका पिछला रिकॉर्ड है। इंडिया वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ कभी नहीं हारा और इसका मानसिक दबाव पाकिस्तान पर जरूर रहेगा। दुनिया के सबसे कामयाब बॉलर्स में से एक सईद अजमल का पाकिस्तान टीम में न होना भी 1992 की इस चैम्पियन टीम के लिए घाटे का सबब हो सकता है। अजमल की पाकिस्तान टीम में वही भूमिका है जो किसी समय मुथैया मुरलीधरन की श्रीलंका टीम में होती थी। वह आधी पाकिस्तान टीम की ताकत के बराबर हैं।"
चैपल भी गावसकर के साथ
गावसकर के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई लेजेंड इयान चैपल भी मानते हैं कि इस मुकाबले में भारत का पलड़ा भारी रहेगा। चैपल ने कहा, "
टीम इंडिया पिछले दो महीने से ऑस्ट्रेलिया में है और यहां के हालात को बेहतर तरीके से समझती है। रिकॉर्ड के मामले में भी वह भारी है और पाकिस्तान टीम में कोई मैच विनर दिखाई नहीं देता। जुनैद खान का टीम से बाहर हो जाना भी पाकिस्तान के लिए एक बड़ा झटका है।" चैपल के मुताबिक, एडिलेड टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ
टीम इंडिया जीतते-जीतते हार गई थी। यह मुकाबला भी वहीं होना है और मुझे लगता है कि भारत ही पाकिस्तान के खिलाफ मैच में जीतेगा।"