मेलबॉर्न. वर्ल्ड कप के उद्घाटन मैच से पहले ही ऑस्ट्रेलियाई टीम को तगड़ा झटका लगा है। उनके कप्तान माइकल क्लार्क शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ पहला मुकाबला नहीं खेल सकेंगे। टीम के कोच डैरेन लेहमैन ने इस बात की पुष्टि की है।
वर्ल्ड कप में कोई रिस्क नहीं: ऑस्ट्रेलियाई कोच
लेहमैन ने कहा, "क्लार्क की हालत में काफी तेजी से सुधार आ रहा है, लेकिन वे वर्ल्ड कप में कोई रिस्क नहीं लेना चाहते। इसलिए क्लार्क को इंग्लैंड के खिलाफ नहीं खेलने देने का फैसला किया गया है। मुझे पूरी उम्मीद है कि बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले दूसरे मुकाबले से पहले वे पूरी तरह फिट हो जाएंगे।"
मांसपेशियों में खिंचाव
क्लार्क पिछले कई दिनों से मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने यूएई के खिलाफ वार्म-अप मैच भी खेला था और 64 रन बनाए थे, लेकिन मैच के दौरान उन्हें कई बार परेशानी भी हुई। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने वह मुकाबला 188 रनों से जीता था।