एडिलेड. शुक्रवार को
पिता बने टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने यह साफ किया कि वे भारत वापस नहीं जाएंगे। उनकी पत्नी साक्षी ने गुड़गांव के फोर्टिस हॉस्पिटल में शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे बेटी को जन्म दिया। धोनी को यह खबर फोन पर दी गई। इसके बाद यह कयास लगाया जाने लगा कि धोनी भारत वापस आ सकते हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि उन्हें फोन पर जानकारी मिली, लेकिन अभी उनके लिए सबसे ज्यादा जरूरी वर्ल्ड कप है। वे राष्ट्र की सेवा में लगे हुए हैं। सबसे पहले यही है, बाकी सारी चीजें बाद में हैं।
'प्लान पर हो रहा काम'
धोनी ने कहा कि उनका ध्यान वर्ल्ड कप पर है। गौरतलब है कि रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का पहला वार्म-अप मैच और 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ पहला लीग मैच है। धोनी ने कहा कि टीम अभी जीत की प्लानिंग में जुटी है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में परिस्थितयां एक जैसी हैं, इसलिए जीत के लिए टीम को दोगुनी मेहनत करनी होगी।
इसलिए है अब भारत पर दबाव
भारतीय कप्तान ने कहा कि
टीम इंडिया पर प्रशंसकों का दबाव तो है ही, लेकिन उससे ज्यादा दबाव ऑस्ट्रेलियाऔर न्यूजीलैंड पर है, क्योंकि वे वर्ल्ड कप होस्ट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2011 में जब वर्ल्ड कप भारत में हो रहा था तो सभी को
टीम इंडिया से जीत की उम्मीद थी। वो इसलिए नहीं थी कि टीम काफी अच्छी थी, वो सिर्फ इसलिए थी, क्योंकि हम भारत में खेल रहे थे। ऐसा ही ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के साथ भी है।
किस हथियार के बल पर भारी पड़ेंगे विपक्षी पर
टीम इंडिया की संभावनाओं पर धोनी ने कहा, "सबकुछ माहौल और आपकी तैयारियों पर निर्भर करता है। मुझे लगता है कि टीम इंडिया वर्ल्ड कप के लिए तैयार है। हमें मिडिल ऑर्डर पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। अगर हमारे हाथ में विकेट्स रहते हैं तो विपक्षी टीम पर भारी पड़ सकते हैं, क्योंकि ये हमारी ताकत है। बैटिंग ऑर्डर कंडीशंस के हिसाब से बदले जाएंगे।" वार्म-अप मुकाबले को लेकर भी धोनी काफी सीरियस हैं। उन्होंने कहा कि वार्म-अप मैचेज वर्ल्ड कप की शुरुआत से पहले टीम को एक अच्छा प्लेटफॉर्म देते हैं, जिसमें अच्छा प्रदर्शन करने पर टीम के अंदर आत्मविश्वास आता है। भारत का पहला वार्म-अप मैच 8 फरवरी, रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ और दूसरा वार्म-अप मैच 10 फरवरी, मंगलवार को अफगानिस्तान के खिलाफ ओवल में है।
आगे क्लिक कर पढ़ें, क्या कहा पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले पहले मैच के बारे में