आगरा. तेजी से बदलते दौर में लोगों की जरूरतें भी बदल गई हैं। उनके हिसाब से बाजार भी ढलने लगा है। अभी तक आपने फोल्डिंग कुर्सी और फोल्डिंग बेड देखा होगा, लेकिन अब बाजार में फोल्डिंग जूता भी आने वाला है। आगरा के कारीगर हाजी मुस्तकीम और उनके बेटे नाजिम ने यह कमाल किया है। जूता खराब न हो इसके लिए आप इसे स्मार्ट फोन की तरह कवर में फिट करके रख सकते हैं। इसे आसानी से जेब में भी कैरी किया जा सकता है। हाजी मुस्तकीम का कहना है कि फोल्डिंग जूते को जल्द ही मार्केट में उतारा जाएगा। इसकी कीमत तकरीबन दो से तीन हजार रुपए होगी।
इस जूते को बनाने वाले कारीगर हाजी मुस्तकीम की सदरभट्टी चौराहे के पास छोटी-सी फैक्ट्री है। यहां वह जूते का निर्माण कर इसे घरेलू बाजार में उतारते हैं। उनके बेटे नाजिम ने बताया वह कारोबार के सिलसिले में अक्सर देशभर के कई शहरों में जाते रहते हैं। ऐसे में खुद पहनने के लिए एक से ज्यादा जूते को ले जाना मुश्किल का काम होता था। इसी के बाद से उन्होंने सोचा कि क्यों न ऐसा जूता बनाया जाए, जिसका आकार पर्स जैसा हो जाए।
चार महीने से कर रहे थे तैयारी
पिछले चार महीने से नाजिम और उनके पिता मुस्तकिम इस काम में लगे थे। दर्जनों डिजाइन खुद ही खारिज करने के बाद उन्होंने अब खास तरह का जूता तैयार कर लिया है। इसके लिए सोल और अन्य हिस्से पर खास ध्यान रखना पड़ा। इसमें एक चेन लगा है, जिसे बंद करने पर जूता फोल्ड हो जाता है।
अब लेदर से बनाएंगे जूता
नाजिम ने बताया कि अभी फोम से जूता बनाया गया है। यह सफल हो चुका है। अब लेदर से जूता बनाया जाएगा। इसके लिए बेहद मुलायम लेदर का इस्तेमाल किया जाएगा। यह जूता काफी डिजाइनदार बनाया गया है। इसका लुक स्पोर्टस जैसा है। उनके अनुसार अब जूते का कवर भी बनाया जा रहा है। कुछ दिनों में लेदर का फोल्डेबल जूता भी तैयार होने के बाद इसे मार्केट में उतार दिया जाएगा।
आगे पढ़िए, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन को गिफ्ट किया गया था आगरे का जूता...