फोटो: पुलिस की गिरफ्त में आरोपी दोनों युवक।
आगरा. शहर के व्यस्त रहने वाला सेंट जोंस चौराहे पर रविवार की रात को शराब के नशे में धुत टाटा सुमो में सवार पांच युवकों ने हंगामा खड़ा कर दिया। इस दौरान उन्होंने चौराहे पर पुलिस के सामने ही ऑटो चालक की जमकर पिटाई कर दी। यहीं नहीं, युवकों ने ट्रैफिक पुलिस के एक सिपाही के साथ भी बदतमीजी की। इसके बाद चौराहे पर मौजूद लोगों ने गाड़ी को घेर लिया और दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि तीन फरार हो गए। ये सभी गुड़गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। थाना लोहामंडी पुलिस ने पकड़े गए दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है।
बताया जा रहा है कि रविवार की रात करीब आठ बजे एक टाटा सुमो ने सेंट जोंस चौराहे पर एक ऑटो को मामूली टक्कर मार दी। ऑटो चालक दीपक ने इसका विरोध किया। उसने चौराहे पर युवकों से इसका मुआवजा मांगा। इस दौरान युवकों ने गाड़ी से उतरकर दीपक की जमकर पिटाई कर दी। इसी दौरान वहां मौजूद एक पुलिसकर्मी उसे बचाने गया, लेकिन पांचों युवकों ने सिपाही से भी बदतमीजी कर उसे पीटने की कोशिश की।
घटना के दौरान चौराहे पर लगा जाम
इसी दौरान चौराहे पर जाम लग गया। लोगों की भीड़ युवकों की दबंगई देख रही थी। थोड़ी देर में ही लोगों को गुस्सा आया। उन्होंने युवकों को घेर लिया। तब युवकों ने माहौल भांपकर भागने की कोशिश की। तीन युवक भागने में सफल रहे, जबकि दो को भीड़ ने दबोच लिया।
गुड़गांव के रहने वाले हैं आरोपी युवक
पुलिस के अनुसार, सभी युवक गुड़गांव के रहने वाले हैं और आगरा में पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए थे। युवकों के वाहन से परीक्षा से संबंधित कुछ पर्चे मिले हैं। परीक्षा देने के बाद युवकों ने देर शाम को बीयर बार में शराब पी और नशे में गाड़ी लेकर निकल पड़े थे। एसपी सिटी समीर सौरभ के मुताबिक, यह वाहन रविंद्र के नाम पर है। दोनों युवकों से लोहामंडी थाना में पूछताछ चल रही है।
आगे देखिए युवकों की पिटाई से घायल ऑटो चालक की तस्वीरें...