आगरा. अगवा हुए इंजीनियरिंग छात्र शिवम की रिहाई के लिए बदमाशों ने पांच करोड़ रुपए की फिरौती मांगी है। छात्र के
मोबाइल की लोकेशन धौलपुर स्थित चंबल के बीहड़ में मिली है। पुलिस की एक टीम गुरुवार को वहां पहुंच गई है। छात्र की रिहाई के लिए पुलिस की चार टीमें बनाई गई हैं।
बताते चलें कि हिंदुस्तान कॉलेज ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में बीटेक का चतुर्थ वर्ष का 22 वर्षीय छात्र शिवम 13 सितंबर की रात से गायब है। वह झांसी के थाना कोतवाली के गरौंठा का रहने वाला है। उसके पिता राजीव कुमार झांसी में प्रिंटिंग का काम करते हैं।
13 सितंबर की रात हुआ था गायब
परिवार वालों के मुताबिक, शिवम छह महीने पहले तक इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में ही रहता था। इसके बाद वह महर्षिपुरम में दोस्तों के साथ रहने लगा था। 13 सितंबर की रात उसने अपने दोस्तों से किसी परिचित के पास जाने की बात कही और चला गया। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। इस पर थाना सिकंदरा में गुमशुदगी का मामला दर्ज कारवाया गया।
इसके दो दिन बाद शिवम के पिता के पास एक करोड़ रुपए की फिरौती का फोन आया था। वहीं, अब बुधवार को एक बार फिर से बदमाशों ने फोन किया और फिरौती की रकम बढ़ाकर पांच करोड़ रुपए कर दी। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी के मामले को अपहरण के मामले में तब्दील कर दिया है। गुरुवार को पुलिस ने मोबाइल नंबर की पड़ताल की। पुलिस सूत्रों के अनुसार अपहरण का फोन शिवम के मोबाइल से ही आया था। इसकी लोकेशन धौलपुर के बीहड़ में पाई गई है। गुरुवार को पुलिस ने एक टीम को वहां भेज दी है।
क्या कहती है पुलिस
एसपी सिटी समीर सौरभ ने बताया कि मामले में पुलिस जांच कर रही है। छात्र की रिहाई के लिए पुलिस की चार टीमें बनाई गई हैं।
अगवा हुए इंजीनियरिंग छात्र शिवम की फाइल फोटो