फोटो: फैक्ट्री और गोदाम में लगी भीषण आग।
आगरा. जूते की सोल के लिए मैटेरियल बनाने की फैक्ट्री और गोदाम में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में एक करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान बताया जा रहा है। दोपहर तक आग बुझाने का काम चलता रहा। फायर बिग्रेड की 10 गाड़ियां मौके पर जुटी हुई थी। आग शाम तक सुलगती रही। हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फायर बिग्रेड के अधिकारी आग लगने के कारणों की पड़ताल कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह फैक्ट्री और गोदाम पंचकुइयां निवासी शमीम की है। यहां पर जूते की सोल निर्माण के लिए कबाड़ से प्लास्टिक का दाना बनता है। यहीं पर फैक्ट्री के बेसमेंट में गोदाम है। इसमें कबाड़ रखा हुआ था। हर दिन की तरह यहां कारीगर शनिवार की रात को भी गोदाम बंद करके चले गए थे। रविवार तड़के अचानक बेसमेंट में बने गोदाम से धुंआ उठने लगा। इसे देखते ही ड्यूटी पर तैनात गार्ड ने आवाज लगाना शुरू कर दिया।
चौकीदारों ने दी फायर ब्रिगेड को सूचना
आग लगने की आवाज सुनते ही आसपास के फैक्ट्रियों के चौकीदार मौके पर पहुंच गए। इसके बाद सूचना फायर बिग्रेड को दी गई। हालांकि, तब तक आग की लपटों से बेसमेंट घिर चुका था। जानकारी मिलने के कुछ ही देर बाद पुलिस और फायर बिग्रेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। पुलिस और आस-पास के लोगों ने बेसमेंट का ताला तोड़ा और अपनी जान पर खेलते हुए फायकर्मी आग पर काबू पाने के लिए बेसमेंट में घुस गए।
आग बुझाने में दमकल की 10 गाड़ियां खाली हो गईं
आग बुझाने में दमकल की 10 गाड़ियां खाली हो गईं। आस-पास के फैक्ट्रियों में लगे हाइड्रेंट प्वाइंट से भी पानी लिया गया। चीफ फायर ऑफिसर एबी पांडेय का कहना है कि आग के लगने की वजह का पता नहीं चल सका है। इसकी पड़ताल की जा रही है। शाम तक इसमें आग सुलगती रही। हालांकि, आग पर काबू पा लिया गया है। बताया जा रहा है कि कारोबारी शमीम को इसमें एक करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। आग से पूरी बिल्डिंग क्षतिग्रत हो गई है।
आगे देखिए फैक्ट्री में लगी भीषण आग और उसे बुझाते फायर बिग्रेड के कर्मचारी…