आगरा. सीओडी कॉलोनी चौराहे पर गुरुवार की रात को एक युवक को उसके परिचित युवकों ने टशन में गोली मार दी। घायल को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया। देर रात को उसे शिफ्ट कर एक निजी अस्पताल लाया गया। पुलिस ने वारदात की वजह आपसी रंजिश बताई है।
बताते चलें कि घायल युवक अमन आगरा कॉलेज में बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र है। वह रुई मंडी इलाके का रहने वाला है। उसने बताया कि वह गुरुवार की रात करीब आठ बजे पुलिस लाइन के पास साईं मंदिर जा रहा था। इसी दौरान वह सीओडी कॉलोनी चौराहे पर अपने दोस्तों का इंतजार करने के लिए रुक गया। इसी बीच दो बाइक से अनीश, पवन और दो अन्य युवक आए।
क्या कहते हैं प्रत्यक्षदर्शी
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि झगड़ा आपसी टशन का नतीजा था। अमन और अन्य युवक एक दूसरे को नीचा दिखाने के लिए अपशब्द बोल रहे थे। इसी के बाद एक युवक ने तमंचा निकाल कर गोली चला दी। अमन के पेट में गोली लगी थी। वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया।
फायरिंग की आवाज सुनकर आस-पास के लोग अमन की ओर दौड़े। तभी युवकों ने हवाई फायरिंग कर दी। इसके बाद लोगों के कदम रुक गए। मौके का फायदा उठाकर चारों युवक फरार हो गए। इसके बाद लोगों ने पुलिस को फोन किया और घायल अमन को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया, जहां पर परिजनों ने पहुंचकर उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
पिता ने दर्ज कराया मामला
अमन के पिता प्रकाश चंद्र पीडब्ल्यूडी कर्मचारी हैं। उन्होंने बताया कि हमलावरों को उनके बेटे ने पहचान लिया है। उन्होंने आरोपी युवक अनीश और पवन व दो अन्य के खिलाफ जान से मारने की नीयत से गोली मारने का मामला थाना सदर में दर्ज करवाया है।
तस्वीर में: गोली लगने के बाद घायल अमन एसएन मेडिकल कॉलेज में।