तस्वीर में: पीएम मोदी का पुतला फूंकते रालोद कार्यकर्ता।
आगरा. रालोद कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी का पुतला जलाया। वे दिल्ली में अजित सिंह के सरकारी आवास को चौधरी चरण सिंह स्मारक घोषित न करने से आक्रोशित हैं। दीवानी चौराहे पर रालोद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मोदी का पुतला बनाया और फिर विरोध में नारेबाजी करते हुए इसे आग के हवाले कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि अब वे विरोध के लिए दिल्ली कूच करेंगे।
रालोद नेताओं का कहना था कि दिल्ली में अजित सिंह के आवास में चौधरी चरण सिंह रहे हैं। वे किसानों के मसीहा कहे जाते हैं। देश के पूर्व प्रधानमंत्री का स्मारक यहां पर बनाने में बीजेपी सरकार को आपत्ति नहीं जतानी चाहिए। इसके बावजूद जनभावना को ठेस पहुंचाते हुए मोदी सरकार ने इस आवास को स्मारक घोषित करने से इनकार कर दिया है।
मोदी जनभावनाओं को समझने का कर रहें हैं नाटक
रालोद के प्रदेश महासचिव महेंद्र प्रताप सागर ने कहा कि आगरा और इसके आस-पास के कार्यकर्ताओं की बैठक शनिवार को बुलाई गई है। बैठक में दिल्ली कूच करने पर फैसला होगा। यदि केंद्र सरकार नहीं मानी तो वे सभी अजित सिंह के आवास को घेरकर बैठे रहेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी जनभावना को न समझने का नाटक कर रहे हैं। दिल्ली में कई नेताओं के स्मारक बने हैं। यदि पूर्व प्रधानमंत्री का स्मारक बनता है तो इससे जनता में अच्छा संदेश जाएगा।
बीजेपी को आखिर क्यूं हो रही है परेशानी?
युवा राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष जीतू चौहान ने कहा कि गुरुवार को यूपी पुलिस ने मुरादनगर में निर्दोष किसानों पर लाठियां बरसाईं। इसमें कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई की निंदा की। मोदी का पुतला जलाने और प्रदर्शन के दौरान प्रदेश सचिव भवानी शंकर लवानियां ने कहा कि बीजेपी सरकार ने अपने नेताओं के नाम पर सड़कें और मूर्तियां लगवाई हैं। अब किसानों के मसीहा के लिए स्मारक के नाम पर बीजेपी को परेशानी हो रही है।
आगे देखिए इस खबर से संबंधित तस्वीरें...