आगरा. आगरा के पुष्पांजलि बाग में बुधवार को बम का धमाका हुआ है। इसमें एक व्यक्ति बुरी तहर जख्मी हो गया है। धमाका इतना जोरदार था कि उसका हाथ फट गया। उसे एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। घटना स्थल के पास में वाहनों के शीशे चूर-चूर हो गए। घरों की खिड़कियों के शीशे चटक गए हैं। थाना न्यू आगरा इलाके में हुई इस घटना से लोग बेहद दहशत में हैं।
बम को कूड़े के ढेर में रखा हुआ था। पुलिस के मुताबिक यह शक्तिशाली देसी बम था। एसएसपी सुभाष चंद्र दुबे ने बताया कि विशेष जांच दल इसकी पड़ताल कर रहा है। प्रथम दृष्टया लगता है कि बड़ी वारदात के लिए यहां बम को छिपाकर रखा गया था। बम के टुकड़ों में चीनी मिट्टी के टुकड़े मिले हैं।
विस्फोट की घटना करीब साढ़े दस बजे की है। पुष्पांजलि बाग में आकाश नामक युवक सफाई कर रहा था। उसने कूड़े के ढेर को हटाना चाहा, तभी जोरदार धमाका हो गया। वह करीब चार फीट दूर जाकर गिरा। हाथ बुरी तरह जख्मी हो गए। धमाके की आवाज से करीब छह कार के शीशे टूट गए।
तेज आवाज सुनकर लोग डरकर घरों से बाहर निकल गए। लोगों ने पुलिस को खबर की और घायल आकाश को पास के निजी अस्पताल में ले गए। लेकिन अस्पताल ने उसे एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक आकाश की हालत खतरे से बाहर है, लेकिन उसका हाथ बुरी तरह फटा हुआ है। पुष्पांजलि बाग का निवासी बेहद डरे हुए हैं। उन्हें डर है कि कुछ और बम छिपा कर रखे गए होंगे।
एक पखवाड़ा पहले ही आगरा में सेना का शक्तिशाली मोर्टार का गोला फट गया था। इसमें दो लोग मौके पर ही मारे गए थे। पुष्पांजलि बाग के लोग गुरुवार को पिछले धमाके को याद कर डर रहे हैं।