आगरा. आगरा में वेलेंटाइन मनाने का मजा ही कुछ और है। यहां दुनिया का सातवां आश्चर्य ताजमहल प्यार की ही निशानी है। ऐसे में इस बार यूपी के सीएम अखिलेश यादव इस बार वेलेंटनाइन डे मनाने ताज नगरी जा रहे हैं। उनके आने की खबर के बाद आगरा प्रशासन मुस्तैद हो चुका है।
बताते चलें कि, सीएम अपना वेलेंटाइन आगरा में मनाने जा रहे हैं। इस बात से ताज नगरी के लोगों में काफी उत्साह है। प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह से कमर कस ली है। पिछली बार की डांट पड़ने के बाद ताज पूर्वी गेट से शिल्पग्राम तक साइकिल ट्रैक का काम चल रहा है। शिल्पग्राम में ताजमहोत्सव के लिए तैयारियों का खासा ख्याल रखा जा रहा है।
गुरुवार को प्रशासन को मुख्यमंत्री के आने का कार्यक्रम लिखित सूचना में मिल गया है। सूचना विभाग के अनुसार, अखिलेश अपनी पत्नी के साथ ताजमहल के पार्श्व में ताज नेचर वाक पर 'मेरा आगरा' प्रतियोगिता के पुरस्कार बांटेंगे। हवाई मार्ग से पीएसी ग्राउंड फतेहाबाद रोड पर अपने उड़न खटोले से उतरकर सडक मार्ग से शिल्पग्राम होते हुए सीएम अपनी पत्नी और तमाम आगरा आने वाले पर्यटकों को लवर्स सीट का तोहफा स्व्यं बैठकर तस्वीर खिंचवाकर देंगे।
यहीं विख्यात रेत आर्टिस्ट पदमश्री सुदर्शन पटनायक के द्वारा बनाए गए रेत के ताजमहल का दीदार भी सीएम अखिलेश करेंगे। इस दौरान सीएम शिल्पग्राम और ताजमहल के अंदर भी जा सकते है। हालांकि, उनके कार्यक्रम में यह शामिल नहीं है। यूं तो अखिलेश कई बार ताहमहल देख चुके हैं लेकिन ऐसा पहली बार होगा कि वे अपनी पत्नी डिंपल यादव के साथ यहां ताज का दीदार करने पहुंचेंगे।
फोटो: ताज परिसर में मौजूद लवर्स सीट।