पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

दो मासूम बच्चियों को सड़क पर लावारिस छोड़ भागे मां-बाप

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
आगरा. ताजनगरी में मंगलवार को बहुत मार्मिक हालात पैदा हो गए। खंदौली इलाके में दो मासूम बच्चियों को लावारिस छोड़कर मां-बाप भाग गए। एक बच्‍ची सात महीने की है और दूसरी की उम्र डेढ़ वर्ष है। दोनों को रोते हुए लोगों ने पीएस मैरेज होम के पास देखा। इसके बाद भारी भीड़ जमा हो गई। दोनों बच्चियों को पुलिस थाने पर लेकर आई है। उसे अनाथालय भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
दोनों बच्चियों ने सामान्‍य तरह के कपड़े पहन रखे हैं। जिस वक्‍त लोगों की नजर उनपर पड़ी तब वे ठंड से कांप रही थीं। लागों ने गर्म कपड़े दोनों बच्चियों को पहनाए। इसके बाद पुलिस को खबर की गई। पुलिस जब दोनों बच्चियों को थाने पर लेकर पहुंची, तब तक यह खबर हर तरफ फैल चुकी थी।
भारी संख्‍या में लोग थाने पहुंच गए। वे दोनों बच्चियों को अपनाने की बात कह रहे थे, लेकिन पुलिस ने कानून का हवाला देकर बच्चियों को किसी के हवाले नहीं किया। पुलिस ने कुछ घंटे बच्चियों के मां-बाप का इंतजार किया।
एसएसपी शलभ माथुर का कहना है कि यदि इसके मां-बाप नहीं आते हैं, तो मजिस्‍ट्रेट की अनुमति से बच्चियों को अनाथालय में रखा जाएगा। इसके बाद ही गोद देने की कानून प्रक्रिया शुरू होगी। उन्‍होंने बताया कि जिस जगह बच्चियां मिलीं, वह सुनसान इलाका था। पूछताछ में हर कोई दोनों को इससे पहले न देखने की बात कह रहा है।
इधर, कई सामाजिक संगठन भी बच्चियों के लिए सामने आए हैं। संगठनों के प्रतिनिधि थाने पर पहुंचकर बच्चियों के खाने-पीने और कपड़ों का इंतजाम कर रहे हैं।